स्वतंत्र बोल
बिलासपुर,14 मई 2026: गर्मी की छुट्टियों में ट्रेन से सफर करने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी वाली खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे ने छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 77 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का फैसला लिया है। इस फैसले का असर सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों के यात्रियों पर पड़ने वाला है।
रेलवे के मुताबिक 8 जून से 19 जून 2026 के बीच 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके अलावा 8 ट्रेनों का रूट बदला गया है, 6 ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त किया जाएगा और 5 ट्रेनें देरी से चलाई जाएंगी। ऐसे में समर वेकेशन के दौरान टिकट और यात्रा व्यवस्था को लेकर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
जानकारी के अनुसार चांपा रेलवे स्टेशन में चौथी रेल लाइन जोड़ने का काम किया जा रहा है। इसी वजह से बिलासपुर रेल मंडल ने यह बड़ा फैसला लिया है। रेलवे का कहना है कि काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन और अधिक सुगम हो सकेगा, लेकिन फिलहाल यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
रद्द होने वाली ट्रेनों में टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस, अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस, पुरी-जोधपुर एक्सप्रेस, ओखा-शालीमार एक्सप्रेस, कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस, इंदौर-पुरी हमसफर, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।
वहीं कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को भी रद्द किया गया है, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की दिक्कतें और बढ़ेंगी। रायगढ़-बिलासपुर, रायपुर-कोरबा, बिलासपुर-गेवरारोड और कोरबा-रायपुर रूट सबसे ज्यादा प्रभावित रहेंगे।
रेलवे ने कुछ ट्रेनों को बदले हुए रूट से चलाने का फैसला लिया है। दुरंतो एक्सप्रेस, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें रायपुर, टिटलागढ़ और झारसुगुड़ा होकर चलाई जाएंगी।
इसके अलावा कई ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा। कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था कर लें, ताकि अंतिम समय में परेशानी का सामना न करना पड़े।


