पश्चिम एशिया युद्ध के बीच पीएम की अपील पर बढ़ी राजनीति, मुख्यमंत्री ने कहा- देशहित में फैसलों का भी विरोध करती है कांग्रेस

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 14 मई 2026:
  पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के असर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील अब सियासी विवाद का रूप लेती जा रही है। कांग्रेस के विरोध के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर असहयोग करती है और प्रधानमंत्री देशहित में जो भी कदम उठाते हैं, उसका विरोध करना ही विपक्ष की आदत बन चुकी है।

ad

नई दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते वैश्विक परिस्थितियां लगातार बदल रही हैं। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की है, जो पूरी तरह देशहित में है।

youtube

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी इस अपील पर अमल कर रही है। उन्होंने बताया कि खुद उन्होंने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है, ताकि ईंधन की बचत की जा सके। उन्होंने कहा कि संकट के समय देशहित को प्राथमिकता देना जरूरी है।

इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा भी उनके साथ दिल्ली जा रहे हैं, जहां वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। बैठक में बस्तर क्षेत्र में चलाए जा रहे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान और अग्रणी बस्तर अभियान की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों के आयुष्मान और अन्य जरूरी कार्ड बनाने के कार्यों पर भी चर्चा होगी।

वहीं केंद्र सरकार द्वारा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP बढ़ाने के फैसले पर मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धान सहित कई फसलों का MSP बढ़ाया गया है, जिससे किसानों को सीधा फायदा मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।