स्वतंत्र बोल
जशपुर, 14 मई 2026: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आम से भरे पिकअप वाहन की जब तलाशी ली गई, तो ट्रे के नीचे ऐसा खेल मिला जिसने पुलिस टीम को भी चौंका दिया। आम की पेटियों के बीच छिपाकर करोड़ों रुपए का गांजा तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरा मामला कांसाबेल थाना अंतर्गत दोकड़ा चौकी क्षेत्र का है, जहां डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस को 12 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक पिकअप में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देवरी गांव के पास नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वहां पहुंची और पुलिस को देखकर चालक वाहन भगाने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग के पास पकड़ लिया।
जब पुलिस ने वाहन की जांच शुरू की, तो ऊपर से आम की ट्रे दिखाई दीं। लेकिन ट्रे हटाते ही अंदर टेप से पैक किए गए गांजे के पैकेट मिले। गिनती करने पर कुल 207 पैकेट में 207 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन, मोबाइल फोन और नगद राशि भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बगीचा थाना क्षेत्र के विमड़ा गांव निवासी प्रेम नाथ सिंह (36) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा के सुंदरगढ़ से लाया गया था। इसे पहले अंबिकापुर पहुंचाया जाना था, जहां से एक अन्य तस्कर इसे उत्तर प्रदेश ले जाने वाला था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है और जल्द ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस 3 करोड़ 24 लाख रुपए से ज्यादा के मादक पदार्थ जब्त कर चुकी है। इस दौरान गांजा, प्रतिबंधित कफ सिरप, ब्राउन शुगर और गांजा के पौधों सहित कई मामलों में 27 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


