स्वतंत्र बोल
नारायणपुर,12 मई 2026: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर स्थित अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के बड़े नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया है। मंगलवार को चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन में जवानों ने ऐसा नक्सली डंप बरामद किया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। जंगल में छिपाकर रखे गए एक करोड़ रुपए से ज्यादा कैश, AK-47 समेत कई ऑटोमैटिक हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
यह कार्रवाई नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने की। जानकारी के मुताबिक अबूझमाड़ इलाके में नक्सल गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद जवानों ने जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान संदिग्ध जगह पर छिपाया गया नक्सली डंप मिला। जब जवानों ने उसकी जांच की तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था।
सुरक्षाबलों ने डंप से कुल 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके साथ ही AK-47, SLR, इंसास और 303 रायफल समेत कई हथियार और उनके कारतूस जब्त किए गए हैं। इसके अलावा बीजीएल रॉकेट लॉन्चर, बीजीएल सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, नक्सली वर्दियां, बैटरियां और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद हुए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक बीते एक महीने में अबूझमाड़ के जंगलों से लगातार हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हो रही है। इस दौरान तीन AK-47 रायफल, तीन SLR रायफल, दो 303 रायफल और एक 315 बोर रायफल भी जब्त की गई हैं। साथ ही सैकड़ों जिंदा कारतूस और मैग्जीन भी मिले हैं।
कार्रवाई के दौरान जवानों ने 132 बीजीएल सेल, 14 बीजीएल कार्टेज, 12 एसएमजी कार्टेज, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, सोरा और व्हाइट पाउडर जैसी विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है। इसके अलावा वॉकी-टॉकी, मोटोरोला सेट और रेडियो उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल नक्सली संचार के लिए करते थे।
नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से नक्सली नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है और इलाके में शांति तथा विकास की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।


