बिलासपुर में करोड़ों की सड़क बनने के कुछ दिन बाद ही बिखरने लगी, ग्रामीणों ने कहा- मिट्टी पर चढ़ा दिया डामर

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर,12 मई 2026:
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क अब सवालों के घेरे में आ गई है। मस्तूरी ब्लॉक में 1 करोड़ 40 लाख रुपये से तैयार की गई सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद उखड़ने लगी है। हालत ऐसी है कि सड़क की डामर की परतें हाथ से ही निकल रही हैं। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है।

ad

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत अमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी से बहतरा तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क बनाई गई है। आरोप है कि सड़क निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि जहां मुरूम डाला जाना था, वहां मिट्टी बिछाकर उसके ऊपर डामर की परत चढ़ा दी गई।

youtube

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सड़क पूरी तरह तैयार भी नहीं हुई और जगह-जगह से गिट्टियां बाहर निकलने लगीं। स्थानीय लोगों ने जब सड़क को हाथ से कुरेदा तो डामर की परतें आसानी से उखड़ने लगीं। इसके बाद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसने पूरे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण का ठेका पीडब्ल्यूडी की ओर से ठेकेदार अतुल शुक्ला को दिया गया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने विभागीय अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया और करोड़ों की सड़क को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया।

मामला सामने आने के बाद जनपद सभापति, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सरपंच समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। सड़क की हालत देखकर सभी ने नाराजगी जताई। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है।

अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क कुछ दिनों में ही क्यों टूटने लगी? क्या निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।