स्वतंत्र बोल
रायपुर, 11 मई 2026: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट, बिलासपुर ने महिलाओं के लिए एक बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू की है, जिससे नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। डेटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) के कुल 38 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार इन पदों में अनारक्षित (UR) के 19, अनुसूचित जाति (SC) के 7, अनुसूचित जनजाति (ST) के 7 और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 5 पद शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 मई तय की गई है। उम्मीदवार शाम 5 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके बाद किसी भी तरह का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा, आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि सुधारने के लिए 13 मई से 15 मई तक करेक्शन विंडो भी खोली जाएगी, जो शाम 5 बजे तक सक्रिय रहेगी।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस या संबंधित विषय में कम से कम द्वितीय श्रेणी की ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए, या फिर ग्रेजुएशन के साथ पीजीडीसीए/DOEACC ‘O’ लेवल कोर्स अनिवार्य है। साथ ही हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग तथा कंप्यूटर एप्लिकेशन का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आयु सीमा के अनुसार उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन जैसे चरण शामिल होंगे। चयनित उम्मीदवारों को ₹25,300 से ₹80,500 तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
संभावना है कि लिखित परीक्षा 28 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक बिलासपुर और रायपुर में आयोजित की जाएगी।
उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट सुरक्षित रखना होगा।


