रायपुर में बीजेपी नेता की मौजूदगी में हर्ष फायरिंग से मचा हड़कंप, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुटी

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 11 मई 2026:
  राजधानी रायपुर से एक शादी समारोह का ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है। जश्न के माहौल में हुई कथित हवाई फायरिंग अब सवालों के घेरे में आ गई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ad

जानकारी के अनुसार, वीडियो में भाजपा नेता ऋतुपर्ण सिंह, मोनिका सिंह और उनके परिजन एक लंबी बंदूक के साथ बारात के दौरान हवा में हर्ष फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान एक ही बंदूक से कई बार फायरिंग की गई।

youtube

वीडियो के एक हिस्से ने मामले को और गंभीर बना दिया है, जिसमें बंदूक एक बच्चे के हाथ में दिखाई दे रही है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे ने फायरिंग की या नहीं, लेकिन इस दृश्य ने सुरक्षा और जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसके अलावा यह भी जांच का विषय है कि इस्तेमाल की गई बंदूक लाइसेंसी थी या नहीं। फिलहाल पुलिस के पास यह वीडियो पहुंच चुका है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

वीडियो में बड़ी संख्या में बाराती और समारोह में शामिल लोग नजर आ रहे हैं, जिससे यह साफ है कि यह घटना सार्वजनिक जगह पर हुई। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस मामले में कानून के तहत कार्रवाई होगी या मामला सिर्फ जांच तक ही सीमित रह जाएगा, खासकर तब जब यह राजनीतिक जुड़ाव से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।