नई जिम्मेदारी संभालने निकले थे SECL अधिकारी… रास्ते में हुआ ऐसा हादसा, मौके पर मच गया कोहराम

स्वतंत्र बोल
कोरबा,08 मई 2026:
 छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक और हाल ही में प्रमोट होकर डायरेक्टर टेक्निकल बने अरुण कुमार त्यागी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वे नई जिम्मेदारी संभालने सिंगरौली जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुई एक भयावह टक्कर ने सबकुछ खत्म कर दिया।

ad

जानकारी के मुताबिक हादसा बांगों थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर चोटिया के पास हुआ। अरुण कुमार त्यागी कार से सिंगरौली के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रहे एक पार्सल वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

youtube

हादसे में अरुण त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बांगों पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के पीछे की वजह तलाशने में जुटी हुई है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अरुण कुमार त्यागी के निधन की खबर सामने आते ही एसईसीएल समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने भी सोशल मीडिया पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा कि एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक एवं हाल ही में डायरेक्टर टेक्निकल पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी का आकस्मिक निधन बेहद पीड़ादायक है। वे नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सबको स्तब्ध कर दिया।

एक तरफ जहां परिवार नई उपलब्धि की खुशी मना रहा था, वहीं अचानक आई इस दुखद खबर ने पूरे माहौल को मातम में बदल दिया।