धमतरी में ‘यूनिक रिश्ते’ के नाम पर ठगी का चौंकाने वाला मामला, एक हफ्ते में 14 हजार की ठगी

स्वतंत्र बोल
धमतरी, 02 मई 2026:
 ऑनलाइन रिश्तों के बढ़ते चलन के बीच ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ के धमतरी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। यहां शादी के लिए लड़की दिखाने के नाम पर एक युवक से हजारों रुपये ठग लिए गए और बाद में उसे चौंकाने वाला जवाब देकर ठग फरार हो गए।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के दानीटोला वार्ड का है। यहां रहने वाले रवि कुमार बघेल के पास एक दिन एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को ‘यूनिक रिश्ते’ नामक प्लेटफॉर्म से जुड़ा बताया और युवक को शादी के लिए रिश्ता दिलाने की बात कही।

बातचीत के दौरान ठग ने एक लड़की की तस्वीर भेजी। फोटो देखने के बाद युवक शादी के लिए तैयार हो गया। इसके बाद ठगों ने रजिस्ट्रेशन और अन्य प्रक्रिया के नाम पर पैसे मांगने शुरू कर दिए। युवक ने भरोसा करते हुए ऑनलाइन UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर करना शुरू कर दिया।

महज एक हफ्ते के भीतर युवक से करीब 14 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। जब युवक ने लड़की से मिलने या आगे की प्रक्रिया के बारे में पूछा, तो ठगों ने बेहद अजीब और चौंकाने वाला जवाब दिया—लड़की किसी और के साथ भाग गई है। यह सुनते ही युवक के होश उड़ गए और उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

खुद को ठगा महसूस करते हुए पीड़ित रवि कुमार बघेल तुरंत कोतवाली थाना पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उसे ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। हालांकि इस मामले में फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पीड़ित का कहना है कि जो उसके साथ हुआ, वह किसी और के साथ न हो। उसने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन रिश्तों के नाम पर आने वाले ऐसे झांसे में न आएं और अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित रखें।