धरती के नीचे कुछ तो खौफनाक चल रहा है… 36 घंटे में तीसरी बार कांपा देवभोग, उसी बीच आसमान से गिरी मौत, 13 साल के मासूम की दर्दनाक अंत

स्वतंत्र बोल
गरियाबंद,01 मई 2026:

गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में एक बार फिर धरती कांपने से लोगों के बीच डर और बेचैनी का माहौल बन गया है। शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। खास बात यह है कि बीते 36 घंटों में यह तीसरी बार है जब इलाके में धरती हिली है, जिससे लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

इससे पहले बीती रात करीब 7:20 बजे भी झटके महसूस किए गए थे। वहीं एक दिन पहले आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 0.7 दर्ज की गई थी। हालांकि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन लगातार हो रही इस हलचल ने लोगों को अंदर तक डरा दिया है। हालात ऐसे हैं कि कई ग्रामीण एहतियातन अपने घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों में समय बिताते नजर आ रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के हल्के झटके भूगर्भीय हलचल का संकेत हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें।

इसी बीच बदलते मौसम ने भी कहर बरपाया है। देवभोग थाना क्षेत्र के मुरगुडा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान क्षीरसागर यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बालक घर के बाहर था, तभी अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में दोपहर के समय लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं लगातार भूकंप के झटकों और मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों के मन में डर और अनिश्चितता को और गहरा कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।