शादी से पहले टूटा ‘राज’, कार्ड बांटते-बांटते गिरफ्तार हुआ नेताजी, 10 साल के रिश्ते का डरावना सच आया सामने

स्वतंत्र बोल
कबीरधाम, 26 अप्रैल 2026:
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। शादी की तैयारियों में जुटे एक नेता को उस वक्त पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जब वह अपनी ही शादी के कार्ड बांट रहा था। कुछ ही घंटों में खुशियों का माहौल सन्नाटे में बदल गया और एक रिश्ते का ऐसा सच सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया।

पूरा मामला कवर्धा का है, जहां किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले रवि चंद्रवंशी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, उनकी शादी 7 मई को पाटन में होने वाली थी और इसी के लिए वे जोर-शोर से तैयारियों में लगे हुए थे।

बताया जा रहा है कि पांडातराई क्षेत्र की एक युवती ने आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। युवती का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर करीब 10 साल तक उसका यौन शोषण किया। शिकायत मिलते ही महिला थाना पुलिस ने बिना देर किए मामला दर्ज किया और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जिस घर में शादी की खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक माहौल पूरी तरह बदल गया है। परिवार और आसपास के लोग इस घटना से हैरान हैं, वहीं इलाके में इस पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अब यह मामला सिर्फ एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक लंबे समय से चले आ रहे रिश्ते के पीछे छिपे सच को उजागर करने की दिशा में बढ़ रहा है।