स्वतंत्र बोल
रायपुर 25 अप्रैल 2026: राजधानी रायपुर में क्रिकेट सट्टे के बड़े नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई ने सनसनी फैला दी है। बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के घर पर शुक्रवार को की गई छापेमारी में ऐसा खुलासा हुआ, जिसने सबको चौंका दिया। पुलिस को जांच के दौरान 5 महंगी कारों के साथ करोड़ों की संपत्ति का पता चला है, जिससे सट्टे के इस पूरे नेटवर्क की गहराई सामने आने लगी है।
|
WhatsApp Group
|
Join Now |
|
Facebook Page
|
Follow Now |
|
Twitter
|
Follow Us |
|
Youtube Channel
|
Subscribe Now |
गंज पुलिस और क्राइम ब्रांच की करीब 10 टीमों ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में बाबू खेमानी के घर पर एक साथ दबिश दी। सर्च वारंट के साथ पहुंची टीम को घर में बाबू और उसके भाई करण की पत्नियों के साथ उसकी मां मौजूद मिली। छापेमारी के दौरान घर और उससे जुड़े ठिकानों की गहन जांच की गई।
जांच में सामने आया कि मारुति एनक्लेव स्थित मकान के अलावा रविभवन में मोबाइल की दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर करीब 1 एकड़ जमीन भी इस नेटवर्क से जुड़ी हुई है। इसके साथ ही बीएमडब्ल्यू, क्रेटा समेत कुल 5 लग्जरी कारें भी बरामद हुई हैं।
पुलिस ने बाबू, उसके भाई करण और पिता के बैंक खातों के लेन-देन की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के लिए 50 से अधिक फर्जी आईडी बनाई थीं। इसके लिए कई म्यूल खातों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे सट्टे का कारोबार बड़े स्तर पर संचालित किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि बाबू खेमानी पहले महादेवबुक ऐप से जुड़ा हुआ था, लेकिन बाद में उसने अपना अलग सट्टा नेटवर्क खड़ा कर लिया। खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर सक्रिय था, जहां वह रील और वीडियो बनाता था। पुलिस को उसके कई आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है, जिसमें शहर के एक पूर्व महापौर के भतीजे के साथ बाबू खेमानी का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों के बीच आपत्तिजनक बातचीत देखी गई है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
गौरतलब है कि इससे पहले कबीर नगर क्षेत्र में सट्टे पर हुई कार्रवाई के दौरान बाबू के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ था, जिसमें उसका चचेरा भाई ओम खेमानी पकड़ा गया था। उसी समय से पुलिस को बाबू और करण की तलाश थी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है। अब यह देखना अहम होगा कि इस सट्टा कनेक्शन की जड़ें और किन-किन लोगों तक जाती हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में कौन-कौन से नए खुलासे सामने आते हैं।
