शादी के नाम पर ‘जाल’! कॉल सेंटर से चल रहा था खेल… भरोसा करते ही खाते हो रहे थे खाली!

स्वतंत्र बोल

बिलासपुर, 04 अप्रैल 2026। शादी का सपना दिखाकर लोगों को ठगने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में संचालित इस गैंग का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस म्यूल बैंक खातों की जांच कर रही थी।

जांच के दौरान सामने आया कि कुछ बैंक खातों का इस्तेमाल असली खाताधारकों की बजाय अन्य लोग कर रहे थे। जब इन खातों में आने-जाने वाले पैसों की पड़ताल की गई, तो “मैरिज ब्यूरो” के नाम पर बड़े पैमाने पर लेनदेन का खुलासा हुआ। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की।

निमितेश सिंह के नेतृत्व में ACCU टीम ने सरकंडा और कोतवाली क्षेत्र में संचालित कॉल सेंटरों पर दबिश दी। यहां से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो मैट्रिमोनियल एजेंट बनकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे थे।

कैसे फंसाते थे शिकार?
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह शादी के इच्छुक लोगों को टारगेट करता था। पहले उन्हें आकर्षक ऑफर और प्रोफाइल दिखाकर भरोसा दिलाया जाता, फिर “रजिस्ट्रेशन” या “सर्विस चार्ज” के नाम पर रकम जमा कराई जाती थी। इसके बाद फर्जी प्रोफाइल बनाकर उनसे बातचीत कराई जाती, ताकि वे भावनात्मक रूप से जुड़ जाएं।

जैसे ही सामने वाला व्यक्ति पूरी तरह भरोसा कर लेता, उससे अलग-अलग बहानों से और पैसे वसूले जाते। कई मामलों में पीड़ितों को बाद में कोई जवाब तक नहीं मिलता था।

कॉल सेंटर बना ठगी का अड्डा
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरा नेटवर्क कॉल सेंटर के जरिए ऑपरेट किया जा रहा था, जहां बाकायदा टीम बनाकर लोगों से बातचीत की जाती थी। इससे पीड़ितों को शक भी नहीं होता था कि वे किसी ठगी का शिकार हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।

यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि ऑनलाइन या फोन के जरिए मिलने वाले मैट्रिमोनियल ऑफर्स में सतर्क रहना बेहद जरूरी है, वरना शादी का सपना कभी भी ठगी का जाल बन सकता है।