राज्य प्रशासनिक सेवा संघ की नई कार्यकारिणी: अजय त्रिपाठी बने अध्यक्ष, उमाशंकर को महासचिव की जिम्मेदारी.. डिप्टी सीएम अरुण साव ने संबोधित किया

स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 मार्च 2025.  छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ (CASA) की ओर से शनिवार को नवा रायपुर के रिसोर्ट में सम्मान समारोह और सुफी नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य- नए चयनित अधिकारियों, आईएएस पदोन्नत अधिकारियों और सेवानिवृत्त अधिकारियों का सम्मान करना और निर्वाचन के माध्यम से नए पदाधिकारियों को संघ का दायित्व सौंपना था। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और उन्होंने सम्मेलन को संबोधित किया। लल्लनटॉप के संपादक सौरभ द्विवेदी ने व्याख्यान प्रस्तुत किया। सुफी नाइट संध्या का सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने सपरिवार आनंद लिया।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शासन की योजनाओं को हर वर्ग तक पहुंचाने में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने में भी राज्य के प्रशासनिक अधिकारी कुशल हैं। हमेशा मुस्कुराते हुए चुनौतियों का सामना करने की आदत होनी चाहिए, क्योंकि प्रशासनिक तंत्र का स्वरुप ऐसा है कि टीम जब काम करती है तब सफलता निश्चित है। राज्य के अधिकारियों की विशेषता है कि इन्हें क्षेत्रीय आवश्यकताओं की समझ है और योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतर भूमिका निभाते हैं। आप सभी के लिए अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है क्योंकि किसी भी परिस्थिति में औचक निरीक्षण-परीक्षण का कार्य आप करते हैं।

बतौर वक्ता पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने व्याख्यान के दौरान कहा कि प्रशासनिक अधिकारी तक अगर पहुंच सहज और सुलभ हो तो फरियादी का आधा दर्द वहीं खत्म हो जाता है, उसे सहारा मिल जाता है। यदि फरियादी की समस्या ध्यान से सुनकर उन्हें नीतिगत और वैधानिक तथ्यों को समझाया जाए तो दोनों ही पक्ष के लिए काम करना आसान हो जाता है। प्रशासन में दायित्व संभाल रही महिलाओं पर दोहरी जिम्मेदारी है इसलिए समय पर अपने खानपान और आराम का विशेष ध्यान रखें। दबावों के बीच कार्य करना आपकी विशेषता है लेकिन भरपुर सांस लेते रहिए, यह एक कला है जो आपके आत्मविश्वास और सुखद अनुभव के लिए आवश्यक है।

राज्य प्रशासनिक सेवा संघ की जनसम्पर्क अधिकारी श्रीमति दिव्या वैष्णव ने बताया कि राज्य प्रशासनिक सेवा से आईएएस पदोन्नत हुए संतोष कुमार देवांगन, आशुतोष पांडेय, हीना अनिमेश नेताम, लोकेश चंद्राकर, रीता यादव, प्रकाश कुमार सर्वे किया गया, तो सेवानिवृत हुए प्रमोद शांडिल्य, ओंकार यदु, संजय दीवान, अशोक कुमार घृतलहरे, जोगेंद्र नायक को अधिकारियो ने सम्मानित किया। राज्य प्रशासनिक सेवा संघ के नए अध्यक्ष अजय त्रिपाठी चुने गए तो उमाशंकर बंदे को संघ का महासचिव और धनञ्जय नेताम को सहसचिव, नविन भगत को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। संघ द्वारा साल 2024 में चयनित हुए नए डिप्टी कलेक्टरो शुभांगी गुप्ता और शुभम देव का भी सम्मान किया गया।

 

राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियो ने मुख्यमंत्री भूपेश से की मुलाकात, सेवा शर्तों में गुणात्मक सुधार की मांग, सीएम ने दिया आश्वासन।