स्वतंत्र बोल
बलरामपुर-रामानुजगंज 03 जून 2026: पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों में चल रही चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बड़ा बयान जारी किया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि जिले में ईंधन और गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है तथा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। फ्यूल और गैस को लेकर किसी तरह की इमरजेंसी जैसी स्थिति नहीं है। सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में संचालित सभी गैस एजेंसियों के पास घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियमित वितरण किया जा रहा है और कहीं भी आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है।
वहीं भारतीय तेल निगम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम सहित विभिन्न तेल कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। मुख्य डिपो से लगातार ईंधन के टैंकर जिले में पहुंच रहे हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में पेट्रोल पंपों या गैस एजेंसियों पर अफरा-तफरी, लंबी कतारें अथवा आपूर्ति संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है। वाहन चालक, किसान, व्यापारी और आम नागरिक सामान्य दिनों की तरह अपनी जरूरत के अनुसार पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर प्राप्त कर रहे हैं।
जिला प्रशासन और खाद्य विभाग ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत और विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें, क्योंकि जिले में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुरक्षित है।


