स्वतंत्र बोल
भिलाई 30 मई 2026: भारत सरकार के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर शनिवार को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रहे हैं। अपने दौरे के दौरान वे भिलाई में आयोजित शोक सभा में शामिल होकर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई स्वर्गीय दिनेश सेन को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे।
गौरतलब है कि विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई दिनेश सेन का 17 मई को निधन हो गया था। उनकी आत्मशांति के लिए आयोजित शांति सभा में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री का विशेष कार्यक्रम तय किया गया है। इस संबंध में राज्य शासन के शिष्टाचार विभाग ने विस्तृत प्रोटोकॉल और रूट चार्ट भी जारी कर दिया है।
रायपुर पहुंचते ही शुरू होगा व्यस्त कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर शनिवार दोपहर 12:10 बजे नई दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट के जरिए रवाना होंगे और दोपहर 2:05 बजे रायपुर स्थित माना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे राज्य अतिथि गृह जाएंगे।
दोपहर 3:30 बजे राज्य अतिथि गृह में राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में कृषि और अनुसंधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
शाम को भिलाई पहुंचकर देंगे श्रद्धांजलि
समीक्षा बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री शाम 4:30 बजे सड़क मार्ग से रायपुर से भिलाई के लिए रवाना होंगे। शाम करीब 6 बजे वे भिलाई पहुंचकर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के निवास और लोकांगन में आयोजित शोक सभा में शामिल होंगे।
इस दौरान वे स्वर्गीय दिनेश सेन को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे तथा परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की भी कार्यक्रम में मौजूद रहने की संभावना है।
रात रायपुर में करेंगे विश्राम
भिलाई में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्री रात 8 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे। वे राज्य अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 31 मई, रविवार की सुबह 8:25 बजे रायपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
सुरक्षा और प्रोटोकॉल को लेकर विशेष व्यवस्था
केंद्रीय मंत्री को भारत सरकार द्वारा वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। उनके दौरे को देखते हुए सुरक्षा और प्रोटोकॉल के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राज्य शिष्टाचार विभाग ने रायपुर और दुर्ग प्रशासन सहित संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों को केंद्रीय मंत्री के पूरे प्रवास के दौरान सुरक्षा, आवास, परिवहन और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। दौरे के लिए नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।


