अंबिकापुर की खौफनाक वारदात… 7 दिन बाद भी हत्यारा फरार, पुलिस ने रखा इनाम, लेकिन अब भी नहीं मिला सुराग


स्वतंत्र बोल

अंबिकापुर 08 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में हुए सनसनीखेज दुष्कर्म और हत्या मामले ने पूरे इलाके को दहला दिया है। घटना के सात दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिससे लोगों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ता जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

यह दिल दहला देने वाली वारदात 2 अप्रैल को कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना चौक, रिंग रोड के पास सामने आई थी, जहां एक महिला का खून से सना शव बरामद हुआ था। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या की आशंका जताई गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका लखनपुर की रहने वाली थी। पति की मौत के बाद वह वर्षों से अलग रह रही थी और गंगापुर में किराए के मकान में उसका बेटा रहता था। महिला का अपने प्रेमी के साथ संबंध होने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही वह फरार है और उसी पर हत्या का शक गहराता जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस मामले को और भी भयावह बना दिया है। मेडिकल जांच में सामने आया कि महिला की 12 पसलियां टूट चुकी थीं, फेफड़ा और दिल तक फट गया था। सिर पर कई गंभीर चोटें थीं और गला दबाने के भी संकेत मिले हैं। इससे साफ है कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई।

पुलिस ने आरोपी का हुलिया भी जारी किया है और उसकी तलाश में चार टीमें लगातार जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। ऐसे में अब आम लोगों से भी मदद मांगी जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि आरोपी के बारे में जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उसे 30 हजार रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि आखिर कब तक यह आरोपी पकड़ा जाएगा और पीड़िता को न्याय मिल पाएगा।