दिनदहाड़े चोरी का ‘भूत’ आखिर पकड़ा गया! 47 वारदातों का मास्टरमाइंड 20 दिन के शिकार के बाद गिरफ्तार

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर,26 अप्रैल 2026:
बिलासपुर शहर में पॉश अपार्टमेंट्स में दिनदहाड़े चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया है। लंबे समय से फरार चल रहे इस गिरोह के मास्टरमाइंड को पकड़ने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस को 20 दिन तक दूसरे राज्य में कैंप करना पड़ा, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जा सका।

मामला बिलासपुर का है, जहां सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत अपार्टमेंट और मंगला स्थित रियल हेवन में 28 सितंबर 2025 को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। बदमाश प्रोफेशनल अंदाज में बैंक कर्मचारियों जैसे कपड़े पहनकर आए थे, जिससे गार्ड्स को जरा भी शक नहीं हुआ। आरोपी 10 लाख रुपए से अधिक के जेवर लेकर फरार हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की स्पेशल टीम गठित की। टीम ने 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल टॉवर डंप डेटा के जरिए अहम सुराग जुटाए।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान ताज मोहम्मद के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के मेरठ का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम मेरठ पहुंची और वहां 20 दिन तक डेरा डालकर आरोपी की तलाश में जुटी रही। आरोपी लगातार अपना ठिकाना और मोबाइल नंबर बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा, लेकिन आखिरकार 24 अप्रैल की सुबह मुखबिर की सूचना पर उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, ताज मोहम्मद पर यूपी, दिल्ली, हरियाणा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में 47 से ज्यादा चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं। वह गिरोह का सरगना है और हर बार जेल से छूटने के बाद नई जगह जाकर वारदात को अंजाम देता था।

फिलहाल पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिलासपुर ला रही है, जहां उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।