स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 3 अक्टूबर 2026: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की वॉर-ड्रामा फिल्म ‘मातृभूमि’ की रिलीज का रास्ता अब साफ हो गया है। लंबे समय से जारी अड़चनों के बाद आखिरकार केंद्र सरकार ने फिल्म के नए वर्जन को एनओसी (NOC) दे दी है। यह फिल्म साल 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुए टकराव पर आधारित है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से क्लीयरेंस मिलने के बाद अब मेकर्स इस देशभक्ति से भरपूर फिल्म को इसी साल दिवाली के बाद यानी 13 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी में हैं।
आपत्तिजनक सीन्स पर चले कटर, बदला गया फिल्म का नाम
इस फिल्म का शुरुआती नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था। काम पूरा होने के बाद इस साल की शुरुआत में इसका नाम बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया। फिल्म में भारत और चीन से जुड़े कई संवेदनशील सीन शामिल थे। हालिया दिनों में दोनों देशों के बीच सुधरते कूटनीतिक संबंधों को ध्यान में रखते हुए रक्षा मंत्रालय ने कुछ सीन्स पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद मेकर्स ने सरकारी चिंताओं का सम्मान करते हुए फिल्म में जरूरी कट्स और एडिट्स किए।
रक्षा मंत्रालय संतुष्ट, I&B मिनिस्ट्री ने जारी की NOC
रिपोर्ट्स के अनुसार, रक्षा मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (I&B) के अधिकारी मेकर्स द्वारा जमा कराए गए नए एडिटेड वर्जन से पूरी तरह संतुष्ट हैं। अधिकारियों की हरी झंडी मिलने के बाद पिछले हफ्ते फिल्म को आधिकारिक तौर पर थिएटर्स में प्रदर्शन के लिए क्लीयरेंस मिल गई। इस मंजूरी के बाद लंबे समय से फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस और सलमान खान की टीम ने राहत की सांस ली है।
13 नवंबर की रिलीज डेट पर सलमान खान की नजर
सरकारी क्लीयरेंस मिलने के बाद अब सलमान खान फिल्म को 13 नवंबर को रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। सलमान का मानना है कि दिवाली के तुरंत बाद का यह समय दर्शकों के जश्न के माहौल के अनुकूल रहेगा। हालांकि, फिल्म की रिलीज से पहले सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) यानी सेंसर बोर्ड की प्रक्रिया पूरी होनी बाकी है।
सेंसर बोर्ड से मंजूरी का इंतजार, 10 दिनों में हो सकता है आधिकारिक ऐलान
मेकर्स बहुत जल्द ‘मातृभूमि’ को सेंसर बोर्ड के पास सर्टिफिकेशन के लिए जमा करेंगे। अगर इसी महीने सीबीएफसी (CBFC) से फिल्म को सर्टिफिकेट मिल जाता है, तो मेकर्स 13 नवंबर की तारीख पर मुहर लगा देंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 10 दिनों के भीतर फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।


