स्वतंत्र बोल
रायपुर 14 अक्टूबर 2026: नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ टिकरापारा पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयां की हैं। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक समेत तीन लोगों को पकड़ा है। इनके कब्जे से 130 नशीली गोलियां, 4.067 किलोग्राम गांजा और 500 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री और नकदी की कुल कीमत करीब 7 लाख 76 हजार 350 रुपये है।
सरजूबांधा तालाब के पास नशीली गोलियां बरामद
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरजूबांधा तालाब के पास हसन कॉलोनी के पीछे एक नाबालिग नशीली गोलियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर नवीन दास मानिकपुरी उर्फ लड्डू (17 वर्ष 9 माह), निवासी सुदामा नगर को पकड़ा।
तलाशी में उसके पास से नाइट्राजेपम की नाइट्रोसन-10 नामक दवा की 13 स्ट्रिप मिलीं। प्रत्येक स्ट्रिप में 10 गोलियां थीं। इस तरह कुल 130 गोलियां जब्त की गईं। पुलिस ने बिक्री की 500 रुपये की नकदी भी जब्त की है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। जब्त गोलियों की कीमत 5 लाख 72 हजार रुपये बताई गई है।
भाठागांव बस स्टैंड के पास गांजा जब्त
पुलिस ने 13 अक्टूबर को ही भाठागांव बस स्टैंड के पास पानी टंकी के नजदीक दूसरी कार्रवाई की। यहां अकबर खान (24), निवासी बलौदाबाजार और वर्तमान पता संजयनगर, रायपुर को पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, अकबर खान काले और लाल रंग के पिट्ठू बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था। तलाशी के दौरान बैग से 2 किलोग्राम गांजा मिला। इसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सुलभ के पास मिला 2.067 किलो गांजा
तीसरी कार्रवाई भाठागांव बस स्टैंड स्थित सुलभ के पास की गई। पुलिस ने यहां चिश्तिया नगर, टिकरापारा निवासी अरशद खान (25) को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, अरशद खान नीले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था। तलाशी में उसके पास से 2.067 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब एक लाख 3 हजार 350 रुपये आंकी गई है। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
जब्त सामान की कुल कीमत 7.76 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक, तीनों कार्रवाइयों में जब्त नशीली गोलियों की कीमत 5 लाख 72 हजार रुपये और गांजे की कुल कीमत करीब 2 लाख 3 हजार 350 रुपये है। 500 रुपये की नकदी मिलाकर जब्त सामग्री और नकदी की कुल कीमत करीब 7 लाख 76 हजार 350 रुपये बताई गई है।


