स्वतंत्र बोल
रायपुर 30 सितम्बर 2026 : रायपुर में कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की तलाश तेज हो गई है। CJM कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने बुधवार को शहर में आधा दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर दबिश दी। बैरनबाजार, शंकर नगर और फाफाडीह समेत कई जगहों पर पुलिस ने तलाशी ली।
अनवर ढेबर के घर और होटल में भी जांच
पुलिस टीम ने बैरनबाजार स्थित अनवर ढेबर के निवास, शंकर नगर के पाल्म बेलाजियो अपार्टमेंट और फाफाडीह स्थित होटल वेलिंगटन कोर्ट में भी जांच की। इसके अलावा अन्य संभावित ठिकानों पर भी तलाशी ली गई।
पुलिस के मुताबिक, शोएब ढेबर की तलाश के साथ मामले से जुड़े तकनीकी और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
विदेशी नंबर से WhatsApp पर आया था धमकी भरा संदेश
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेशों में कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी।
रकम नहीं देने पर कुकरेजा और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इसी शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज किया गया था।
पांच iPhone जब्त कर चुकी है पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
पुलिस ने शोएब ढेबर को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से पांच iPhone जब्त किए थे। इनकी कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस इन मोबाइल फोन और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
कोर्ट के आदेश के बाद फिर तलाश
शोएब को पहले रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था। इसके बाद उसे स्वतंत्र करने का आदेश हुआ। पुलिस ने नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी।
CJM कोर्ट ने पुलिस की मांग मंजूर कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।


