‘बजरंगबली की गदा चल रही’ मंत्री रामविचार नेताम ने क्यों कहा ऐसा..?

स्वतंत्र बोल
रायपुर,02 अप्रैल 2026:
 
छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भगवान राम का अनादर ही उसके पतन की सबसे बड़ी वजह बना है।

राम मंदिर पहुंचकर हनुमान जयंती के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए नेताम ने कहा कि “बजरंगबली की गदा अब कांग्रेस पर चल रही है और इसका असर साफ दिखाई दे रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भगवान राम के आतिथ्य को स्वीकार नहीं किया और उसी दिन से उसके पतन की शुरुआत हो गई थी। नेताम ने यहां तक कह दिया कि कांग्रेस की विचारधारा अब खत्म होने की कगार पर है और उसे आत्ममंथन करते हुए भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

नक्सलवाद के मुद्दे पर भी मंत्री ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलियों के खात्मे की शुरुआत छत्तीसगढ़ से हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में राम राज्य स्थापित करने का संकल्प पूरा किया जा रहा है। कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों पर तंज कसते हुए नेताम ने कहा कि पार्टी को अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं है, इसलिए वह अपने जिला अध्यक्षों के कामों की मॉनिटरिंग कर रही है। यह बयान भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। खाद संकट को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए नेताम ने कहा कि देश में किसी तरह का खाद संकट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिचौलियों को संरक्षण देने की वजह से ही ऐसी स्थिति बनती है और सरकार इस पर सख्ती से कार्रवाई करेगी। इसके अलावा नक्सलमुक्त गांवों के लिए विशेष पैकेज की मांग पर उन्होंने कहा कि सरकार सभी जरूरी कदम उठाएगी, लेकिन कांग्रेस बेवजह चिंता जता रही है।