स्वतंत्र बोल
रायपुर 03 मई 2025. ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा द्रोणाचार्य स्कूल ऑडिटोरियम में ‘ एक देश, एक चुनाव’ विषय पर एक महत्वपूर्ण विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें 150 से अधिक सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों ने ‘एक देश, एक चुनाव’ के लाभों और चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की, जिससे राष्ट्रहित के इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर व्यापक जागरूकता और समझ उत्पन्न हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ‘एक देश, एक चुनाव’ के फायदों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “पहले 1951-52 से 1967 तक लोकसभा और विधानसभाओं के चुनाव एक साथ होते थे, लेकिन बाद में कुछ विधानसभाओं के समय से पहले भंग होने के कारण यह सिलसिला टूट गया। ‘एक देश, एक चुनाव’ से न केवल खर्च और समय की बचत होगी, बल्कि मतदाताओं की थकान भी कम होगी। बार-बार चुनाव होने से शासन पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, विकास कार्य बाधित होते हैं, एक साथ चुनाव होने से शासन को विकास पर ध्यान देने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।”


