स्वतंत्र बोल
मनेद्रगढ़ 22 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में गुरुवार, 22 अक्टूबर को यात्रियों से भरी बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक बच्ची और बस चालक समेत छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, 15 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। उसमें करीब 30 यात्री सवार थे। इसी दौरान सेमरमथानी मोड़ के पास बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग भी मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
बच्ची और बस चालक समेत 6 लोगों की मौत
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में छह लोगों की जान गई है। मृतकों में एक बच्ची और बस चालक भी शामिल बताए जा रहे हैं। 15 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलने पर केल्हारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी बुलाया गया। घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया।
हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं
बस अनियंत्रित कैसे हुई, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। शुरुआती जानकारी में सेमरमथानी मोड़ के पास बस का संतुलन बिगड़ने की बात कही गई है। दुर्घटना की वास्तविक वजह और मृतकों की पहचान के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।


