अब किताबों से आगे की पढ़ाई! छत्तीसगढ़ में ‘गूगल क्लास’ की एंट्री… बच्चों को मिलेगा AI का ज्ञान!

स्वतंत्र बोल

रायपुर, 09 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था अब बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है। आने वाले समय में यहां के बच्चे सिर्फ बारहखड़ी ही नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों की भी पढ़ाई करेंगे। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी Google के साथ मिलकर खास तैयारी शुरू कर दी है।

इसी कड़ी में आत्मानंद स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक और कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिसमें गूगल के विशेषज्ञ प्राचार्यों को नई तकनीकों और AI आधारित शिक्षा से अवगत कराएंगे।


“बारहखड़ी से लेकर AI तक सिखाएंगे”
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर सरकार का पूरा फोकस है। आने वाला दौर AI बेस्ड एजुकेशन का है और विभाग इसकी तैयारी में जुटा है। उन्होंने कहा कि अब बच्चों को बारहखड़ी से लेकर AI तक की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहें।


15 अप्रैल से शुरू होगा शिक्षकों का प्रशिक्षण
मंत्री ने बताया कि 15 अप्रैल से 15 जून तक शिक्षकों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलेगा। इसके बाद 16 जून से नए सत्र की शुरुआत के साथ ही छात्रों को सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।


प्राइवेट स्कूलों पर भी सख्ती के संकेत
प्राइवेट स्कूलों द्वारा महंगी किताबें बेचने की शिकायतों पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर छापेमारी की गई है और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां कार्रवाई तय है। जिला शिक्षा अधिकारियों को स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।


पेपर लीक पर भी कड़ा सिस्टम
12वीं बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक को लेकर मंत्री ने कहा कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई है। उन्होंने दावा किया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होगी और पूरा सिस्टम मजबूत किया गया है।


नए सत्र में दिखेंगे बड़े बदलाव
आने वाले शिक्षा सत्र में छात्रों के समग्र विकास के लिए कई नई गतिविधियां जोड़ी जाएंगी—

  • प्रतिदिन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान
  • महापुरुषों के जीवन पर 5 मिनट का व्याख्यान
  • शनिवार को लोकल खेल और तीज-त्योहार
  • योगा, गार्डेनिंग और हाउसकीपिंग जैसी गतिविधियां

मंत्री ने कहा कि स्कूल को “मंदिर” की तरह मानते हुए उसी भावना से शिक्षा दी जाएगी।