स्वतंत्र बोल
कोरिया 3 अक्टूबर 2026 : छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा में पिकअप और ऑटो की जोरदार भिड़ंत में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के वक्त ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम से लौटकर अपने गांव करहीपारा छिंदिया जा रहे थे। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
सांवारावा के पास पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, बिलारो गांव में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी लोग ऑटो से करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सांवारावा के पास पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोग घायल हुए। सूचना मिलने पर पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
तीन महिलाओं ने तोड़ा दम
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50 वर्ष), रामबाई पति रामकुमार (60 वर्ष) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं करहीपारा छिंदिया की निवासी थीं। हादसे में घायल छह महिलाओं का पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।
हादसे के बाद पिकअप चालक फरार
घटना की जानकारी मिलते ही पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। फिलहाल हादसे को लेकर पुलिस की जांच जारी है।


