स्वतंत्र बोल
रायपुर 19 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद आगामी 20 अक्टूबर यानी दशहरा के पावन अवसर पर रायपुर से कुरुद और रावघाट के लिए नई ट्रेन सेवा की शुरुआत होने जा रही है। नैरोगेज लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने का काम पूरा होने के बाद अब कुरुद क्षेत्र के लोगों को रायपुर से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। इस लोकल ट्रेन सेवा के शुरू होने से न केवल यात्रियों को किफायती सफर का विकल्प मिलेगा, बल्कि बस के मुकाबले किराया भी काफी कम रहेगा, जिससे रोजाना सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
बस से 40 रुपए सस्ता होगा सफर, रावघाट तक होगी 95 रुपए की बचत
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर से कुरुद तक ट्रेन का किराया मात्र 20 रुपए तय किया गया है, जो सड़क मार्ग (बस) के मुकाबले करीब 40 रुपए सस्ता है। इसी तरह रावघाट रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को भी बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा, जिससे बस के मुकाबले लगभग 95 रुपए तक की बचत होगी। रेलवे टाइम टेबल के अनुसार, यह ट्रेन रावघाट से सुबह 6:30 बजे रवाना होकर ताड़ोकी, दल्लीराजहरा और दुर्ग होते हुए दोपहर 1:05 बजे रायपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में रायपुर से दोपहर के वक्त रवाना होकर दुर्ग और अन्य स्टेशनों से होते हुए अपनी आगे की यात्रा पूरी करेगी।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: मुंबई से दिल्ली जा रहे 3 आरोपी कोटा में गिरफ्तार
नौकरीपेशा, छात्रों और व्यापारियों को मिलेगी सहूलियत
रायपुर और कुरुद के बीच ट्रेन सेवा शुरू होने से रोजाना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्र-छात्राओं और व्यापारियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। हालांकि, रेलवे के सामने कुरुद रूट पर पर्याप्त यात्री जुटाना एक चुनौती भी हो सकता है, क्योंकि रायपुर-अभनपुर-राजिम रूट पर ट्रेन शुरू होने के बावजूद अभी उम्मीद के मुताबिक यात्री संख्या नहीं बढ़ पाई है। इसके विपरीत, रावघाट रूट पर रेलवे को अच्छे रिस्पॉन्स की उम्मीद है, क्योंकि वर्तमान में रायपुर और ताड़ोकी के बीच रोजाना एक हजार से अधिक यात्री ट्रेन से सफर करते हैं। अब ताड़ोकी से आगे 91 किलोमीटर की दूरी तय कर रावघाट तक रेल लाइन के विस्तार से राजधानी आने-जाने वालों का सफर बेहद आसान और सुगम हो जाएगा।


