बाइक कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर: महिला राइडर को टक्कर मारने वाला कार चालक गिरफ्तार

स्वतंत्र बोल
गुरुग्राम 15 सितम्बर 2026।
हरियाणा के गुरुग्राम स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया को कार से टक्कर मारने के चर्चित मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। रविवार (13 सितंबर) सुबह घटी इस घटना का वीडियो महिला की बाइक में लगे कैमरे में कैद हो गया था, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों की जांच के आधार पर गुरुग्राम पुलिस के थाना सेक्टर-56 में मामला दर्ज किया गया और केस में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) भी जोड़ दी गई है।

ad

पीछा करने और बदसलूकी करने के लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित महिला राइडर सिया अपनी अप्रिलिया आरएस 457 बाइक से दोस्तों के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर जा रही थीं। सिया के अनुसार, वह तीसरी लेन में सामान्य और कम रफ्तार से बाइक चला रही थीं। इसी दौरान पीछे से आई एक कार उनके पास पहुंची। कार में सवार लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की और कुछ दूरी तक उनका पीछा भी किया।

youtube

टक्कर के बाद कई मीटर तक सड़क पर घिसटी राइडर

पीछा करने के बाद तेज रफ्तार कार तीसरी लेन में घुसी और सिया की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं और कई मीटर तक घिसटती चली गईं। घटना में उन्हें मामूली चोटें आई हैं। पूरी वारदात उनकी बाइक के फ्रंट कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसे उन्होंने बाद में इंस्टाग्राम पर शेयर किया था।

रेड लाइट तोड़कर भाग निकला आरोपी कार चालक

हादसे के तुरंत बाद साथ मौजूद एक अन्य बाइक सवार ने कार को रोकने की कोशिश की और चालक से गलती मानने को कहा। हालांकि, कार चालक ने उल्टा बाइक सवारों को ही जिम्मेदार ठहरा दिया। इसके बाद आरोपी चालक मौके पर नहीं रुका और नशे की हालत में प्रतीत होते हुए रेड लाइट तोड़कर वहां से फरार हो गया।

पुलिस पहुंची पीड़िता के घर, सख्ती से जारी है जांच

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से पड़ताल की। जांच के सिलसिले में गुरुग्राम पुलिस पीड़िता के दिल्ली के कालकाजी स्थित घर भी पहुंची। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की गहन जांच जारी है।