‘नाम तक नहीं पता…’, फिर BJP को ‘कुचलने’ की चेतावनी! सीएम रेवंत रेड्डी के बयान से मचा सियासी बवाल

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली/हैदराबाद 01 जुलाई 2026:
 तेलंगाना की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पर तीखा हमला बोलते हुए ऐसा बयान दिया है, जिसने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया। रेवंत रेड्डी ने कहा कि उन्हें भाजपा अध्यक्ष का नाम तक ठीक से नहीं पता और दावा किया कि तेलंगाना की जनता भाजपा को राज्य में पैर नहीं जमाने देगी।

ad

दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन हाल ही में तीन दिवसीय तेलंगाना दौरे पर पहुंचे थे। दौरे के दौरान उन्होंने विश्वास जताया था कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। उनके इसी दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने किसानों की एक सभा में तीखा तंज कसा।

youtube

रेवंत रेड्डी ने कहा, “हाल ही में एक व्यक्ति यहां आया था… नवीन या पता नहीं क्या नाम है। मुझे उनका नाम भी ठीक से नहीं पता। वह कहते हैं कि अगली सरकार उनकी होगी। पश्चिम बंगाल में भी आपने ऐसे ही दावे किए थे, लेकिन वहां आपको वर्षों लग गए। तेलंगाना में हमारे लोग तैयार हैं और भाजपा को कुचल देंगे। यहां भाजपा को सिर उठाने नहीं दिया जाएगा।”

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी ने रेवंत रेड्डी की भाषा और शब्दों के चयन को लेकर सवाल उठाए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पलटवार करते हुए लिखा कि यह “अहंकार की पराकाष्ठा” है और इस तरह की भाषा कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती है।

तेलंगाना में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी टकराव लगातार तेज होता जा रहा है। ऐसे में दोनों दलों के नेताओं के तीखे बयान चुनावी माहौल को और अधिक गर्माते नजर आ रहे हैं।