रायपुर में चढ़ा पारा तो अब बारिश देगी राहत, 19 सितंबर से बदलेगा मौसम; 7 जिलों में अलर्ट

A3c8dc18 d81d 441a 85d5 faedc7d33a56

स्वतंत्र बोल
रायपुर 18 सितम्बर 2026।
छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां धीमी पड़ने के साथ तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार को राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यहां तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस बीच मौसम विभाग ने 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है।

ad

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है। इस दौरान बादल गरजने और चमकने की गतिविधियां भी बढ़ने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसमी वर्षा सामान्य रही, लेकिन इसमें 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

youtube

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

18 सितंबर को राजधानी रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर बादल गरजने-चमकने के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। अगले दो दिनों तक मौसम इसी तरह बने रहने के आसार हैं।

बिलासपुर में सबसे अधिक तापमान

प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

पिछले 24 घंटों में पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

19 सितंबर के आसपास बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, मौजूदा मौसमी सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। 19 सितंबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इसके बाद यह सिस्टम धीरे-धीरे मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से संबंधित क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और उत्तर बस्तर कांकेर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में वर्षा के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवा चलने की संभावना है।