स्वतंत्र बोल
रायपुर 2 अक्टूबर 2026 : छत्तीसगढ़ में बरसात के बाद सड़क और पुल निर्माण के काम तेजी से शुरू होंगे। राज्य शासन ने 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए के 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें नई सड़कें और पुल बनाने के साथ मौजूदा सड़कों का उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण शामिल है। लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी कर काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मजबूत सड़क और पुल अधोसंरचना राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करती हैं। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और दूसरी जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होती है। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के पूरा होने से आवागमन बेहतर होगा और व्यापार, पर्यटन सहित स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं का लाभ लोगों तक जल्द पहुंचे। इसके लिए काम तय समय-सीमा में पूरा किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता की नियमित निगरानी हो।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में सड़क और पुल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। अधिकारियों को कार्यादेश जारी कर बरसात के बाद निर्माण कार्यों में तत्काल गति लाने के निर्देश दिए गए हैं।
24 कामों में सड़क, पुल और चौड़ीकरण के प्रोजेक्ट
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक मंजूर 24 कार्यों में नई सड़कों के 7 काम, पुल एवं पहुंच मार्गों के 2 काम, सड़कों के उन्नयन के 3 काम और चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के 12 काम शामिल हैं।
दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव में नई सड़कें
दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क के लिए 28 करोड़ 2 लाख 70 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।
धमतरी जिले में राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में पुल-पुलियों सहित 8 किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।
इसके अलावा बिलासपुर में 17.61 किलोमीटर झाल से नगपुरा मार्ग के लिए 29 करोड़ 91 लाख 92 हजार रुपए, महासमुंद में 6.50 किलोमीटर सल्डीह-बहादुरपुर मुख्य जिला मार्ग के लिए 11 करोड़ 27 लाख 98 हजार रुपए, बलरामपुर-रामानुजगंज में 7.60 किलोमीटर सिविलदाग-नीलकंठपुर सड़क के लिए 14 करोड़ 13 हजार रुपए और रायगढ़ में 3.40 किलोमीटर उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के लिए 13 करोड़ 74 लाख 29 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।
अरपा और खारून नदी पर बनेंगे पुल
बिलासपुर जिले में लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग पर अरपा नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए 17 करोड़ 63 लाख 32 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
चोरहादेवरी-परसदा मार्ग पर खारून नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए 7 करोड़ 68 लाख 16 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी गई है।
तीन सड़कों के उन्नयन पर करीब ₹79 करोड़
सड़क उन्नयन के तीन कार्यों के लिए कुल 78 करोड़ 96 लाख 74 हजार रुपए की निविदाएं मंजूर हुई हैं।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पुल-पुलिया सहित 18 किलोमीटर परसवार-चलगली मार्ग के लिए 37 करोड़ 37 लाख 96 हजार रुपए मंजूर हुए हैं।
रायपुर में अभनपुर के पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के 2.60 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन उन्नयन पर 17 करोड़ 32 लाख 31 हजार रुपए खर्च होंगे।
रायगढ़ में 12.30 किलोमीटर कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ सड़क के उन्नयन के लिए 24 करोड़ 26 लाख 47 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।
धमतरी में कई सड़कों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण
धमतरी में मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के 3.75 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपए मंजूर हुए हैं।
9 किलोमीटर छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपए और 10 किलोमीटर अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।
राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण और डामरीकरण के लिए 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
रायगढ़ में फोरलेन के साथ विद्युतीकरण
रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मुख्य जिला मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण और विद्युतीकरण के लिए 59 करोड़ 49 लाख 4 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।
रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण और विद्युतीकरण के लिए 47 करोड़ 77 लाख 76 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
कांकेर से सरगुजा तक सड़क नेटवर्क पर काम
कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर राज्यीय राजमार्ग के पुल-पुलियों सहित 36.80 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 85 करोड़ 83 लाख 4 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।
बेमेतरा में देवकर-साजा-खम्हरिया मुख्य जिला मार्ग के 30.80 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 30 करोड़ 22 लाख 88 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
दुर्ग में भिलाई-सिरसा-औरी-मोतीपुर मुख्य जिला मार्ग के 15.50 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 16 लाख 16 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।
सरगुजा में 28 किलोमीटर सोनतराई-मैनपाट मार्ग के मजबूतीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए 26 करोड़ 7 लाख 34 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
महासमुंद में बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के 25.90 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 59 करोड़ 89 लाख 21 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर रहेगा फोकस
राज्य शासन ने सभी संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को अनुबंधित कार्यों का संपादन और पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
विभाग के अनुसार इन कार्यों को किसी अन्य को सबलेट नहीं किया जा सकेगा। कार्य संपादन के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी भी मान्य नहीं होगी।
कार्यपालन अभियंताओं को अनुबंधित समयावधि में काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रशासकीय स्वीकृति और आबंटन की सीमा में अनुबंध के अनुसार कार्य संपादित कराने को कहा गया है।


