स्वतंत्र बोल
छतरपुर 3 अक्टूबर 2026: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के बरकौहा गांव से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। गांव के काली मंदिर का प्रसाद खाने के बाद एक ही परिवार के 8 लोग अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गए। पीड़ित परिजनों के अनुसार, प्रसाद खाने के महज 20 मिनट के भीतर ही लोगों को तेज चक्कर आने लगे, वे जमीन पर गिरकर तड़पने लगे और अजीब-अजीब हरकतें करने लगे। बीमार होने वालों में एक पुरुष, तीन महिलाएं (एक गर्भवती महिला समेत) और चार छोटे बच्चे शामिल हैं। सभी को आनन-फानन में छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तांत्रिक पर जादू-टोना और प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
पीड़ित परिवार के सदस्य गणेश कुशवाहा ने बताया कि गांव का ही बबलू रजक, जो गांव के काली मंदिर में बैठता है और तांत्रिक क्रियाएं करता है, उसने उनके परिवार को मंदिर बुलाया था। वहां पूजा-अर्चना कराने के बाद उसने परिवार को आधा किलो पेड़ा प्रसाद के रूप में दिया। शाम को जब घर आकर परिवार के सदस्यों ने प्रसाद खाया, तो सभी की हालत बिगड़ने लगी और लोग उल्टी-सीधी बातें करने लगे। परिजनों ने तांत्रिक बबलू रजक पर जादू-टोना करने और प्रसाद में कोई जहरीला या नशीला पदार्थ मिलाने का सीधा आरोप लगाया है।
2 साल के बच्चे की हालत नाजुक, PICU में चल रहा इलाज
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6 बजे एक ही परिवार के 8 मरीजों को अस्पताल लाया गया था। सभी मरीजों में चक्कर आने, असामान्य व्यवहार करने और अनर्गल बातें करने जैसे लक्षण थे। डॉक्टरों की त्वरित कार्रवाई के बाद 7 मरीजों की स्थिति में सुधार आया है और वे स्थिर हैं। हालांकि, 2 साल के एक मासूम बच्चे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जिसे PICU (पीडियाट्रिक आईसीयू) में रखकर डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है।
गायनिक और बाल रोग विशेषज्ञों की टीम तैनात, पुलिस जांच में जुटी
अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की स्थिति को देखते हुए मेडिसिन, पीडियाट्रिक (बाल रोग) और गायनिक (महिला रोग) विशेषज्ञों की एक संयुक्त टीम तैनात की है। परिवार की गर्भवती महिला की स्थिति का जायजा लेने के लिए गायनिक टीम ने उसकी जरूरी जांचें पूरी कर ली हैं। अस्पताल प्रबंधन द्वारा मामले की लिखित सूचना पुलिस को भेज दी गई है। पुलिस परिजनों के बयानों और आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर रही है।


