Asian Games 2026 Archery Medal Kumkum Mohod: कुमकुम मोहोद ने भारत को तीरंदाजी में कुल 5वां गोल्ड मेडल दिलाया है. उन्होंने फाइनल में दक्षिण कोरिया की खिलाड़ी को हरा दिया है.
17 वर्षीय कुमकुम मोहोद ने 2026 एशियन गेम्स में भारत को 17वां गोल्ड मेडल दिलाया है. उन्होंने तीरंदाजी की महिला रिकर्व एकल स्पर्धा में स्वर्णिम प्रदर्शन किया है. कुमकुम ने फाइनल में दक्षिण कोरेया की येजिन ओह को शूट-ऑफ तक चले मैच में हराया. पांच सेट तक दोनों खिलाड़ी 5-5 से बराबरी पर थीं, लेकिन शूट-ऑफ में दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी गलती कर बैठी.
मुकाबला बहुत रोमांचक रहा क्योंकि कुमकुम पहला सेट 27-29 से हार गई थीं. एक बार पिछड़ने के बाद वापसी कर पाना आसान नहीं होता. खासतौर पर तब जब तीरंदाजी के खेल में दक्षिण कोरिया का दबदबा रहा हो. मगर कुमकुम ने धैर्य नहीं खोया और दूसरा सेट 29-29 से ड्रॉ करवाया, लेकिन कुल अंकों में भारतीय खिलाड़ी अब भी 1-3 से पिछड़ रही थीं.
तीसरे सेट में जबरदस्त वापसी
कुमकुम ने तीसरे सेट में तीन परफेक्ट-10 स्कोर करके 30 का स्कोर किया, जबकि येजिन ने 29 का स्कोर किया. मुकाबला 3-3 से बराबरी पर आ गया था. चौथे सेट में कुमकुम गलती कर बैठीं 27-28 से हार गईं, लेकिन मुकाबला यहां समाप्त नहीं हुआ था. अब सारा खेल 5वें सेट का था, जिसमें भारत की खिलाड़ी ने परफेक्ट 30 का स्कोर किया और सेट अपने नाम किया.
दोनों खिलाड़ी 5-5 से बराबरी थीं, इसलिए गोल्ड मेडल के लिए शूट-ऑफ का सहारा लिया गया. शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया की येजिन ओह गलती करते हुए 8 का स्कोर कर बैठीं. कुमकुम 10 या 9 स्कोर भी करतीं तो भी गोल्ड मेडल उनकी झोली में था. बता दें कि शूट-ऑफ में जो भी खिलाड़ी मिडिल पॉइंट के ज्यादा करीब हिट करता है, उसे विजेता घोषित किया जाता है.
लगाई हैट्रिक
कुमकुम मोहोद ने 2026 एशियन गेम्स में 2 गोल्ड सहित तीन मेडल जीते हैं. 3 अक्टूबर को महिला रिकर्व एकल स्पर्धा में आए गोल्ड मेडल से पहले उन्होंने एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीत लिया था.
2026 एशियन गेम्स में तीरंदाजी में भारत ने अपना दबदबा दिखाया है. आमतौर पर दक्षिण कोरिया इस खेल में गोल्ड मेडल जीतता आया है, लेकिन इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने कोरिया को आईना दिखाने का काम किया है.
भारत के पास 77 मेडल
एशियन गेम्स के मौजूदा संस्करण में भारत ने अब तक 17 गोल्ड सहित 77 मेडल जीत लिए हैं. पदक तालिका में भारत अभी पांचवें स्थान पर है. सूची में उज्बेकिस्तान, भारत से ऊपर है जिसके 20 गोल्ड मेडल हैं.
317 मेडल (162 गोल्ड) – चीन
240 मेडल (72 गोल्ड) – जापान
135 मेडल (33 गोल्ड) – द कोरिया
65 मेडल (20 गोल्ड) – उज्बेकिस्तान)
77 मेडल (17 गोल्ड) – भारत


