कमरे में फैला था खून और बिस्तर पर पड़ा था शव! टोनाटार गांव में महिला की निर्मम हत्या, तलाश में जुटी पुलिस

CG CRIME

स्वतंत्र बोल
बलौदाबाजार 12 अक्टूबर 2026:
 छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के टोनाटार गांव में 50 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में महिला का शव उसके ही घर में बिस्तर पर मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे और कमरे में खून फैला हुआ था। घटना के बाद से महिला का पति लखन बंजारे गायब है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ad

घर में बिस्तर पर पड़ा मिला शव

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान रोहनी बंजारे के रूप में हुई है। वह अपने पति लखन बंजारे के साथ टोनाटार गांव में रहती थी। पड़ोसियों को काफी देर तक रोहनी के घर में कोई हलचल नहीं दिखी। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों ने घर के भीतर जाकर देखा तो रोहनी का शव बिस्तर पर पड़ा था। आसपास खून फैला हुआ था।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

youtube

धारदार हथियार से हमले की आशंका

सूचना मिलने पर थाना पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में महिला के पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। मौके पर कमरे की दीवारों और जमीन पर भी खून के छींटे दिखाई दिए। चोट के निशान को देखते हुए महिला पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पति की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद से रोहनी बंजारे का पति लखन बंजारे गायब है। पुलिस पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।