बहादुर अफसर थे ASP आकाश : गृहमंत्री विजय शर्मा

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 10 जून 2025:
 कोंटा नक्सल विस्फोट में शहीद हुए एएसपी आकाश गिरिपुंजे आज पंचतत्व में विलीन हो गए। माना बटालियन में आयोजित शोक परेड के बाद मीडिया से चर्चा में डिप्टी सीएम गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आकाश बहादुर अफसर थे। आकाश ने खुद बस्तर से ट्रांसफर लेने से मना किया था। बता दें कि आकाश गिरिपुंजे का तबादला राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद बस्तर किया गया था।

सुकमा नक्सल IED ब्लास्ट में शहीद हुए ASP आकाश राव का अंतिम संस्कार किया गया। रायपुर के महादेवघाट मुक्तिधाम में बेटे ने मुखाग्नि दी। परिजन, पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान वहां मौजूद नक्सल ऑपरेशन के चीफ IPS विवेकानंद ने कहा कि आकाश का बलिदान बेकार नहीं जाएगा।

इससे पहले शहीद गिरिपुंजे को माना पुलिस बटालियन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पत्नी ने रोते हुए सैल्यूट किया, वहीं मां-पिता बिलखते रहे। सीएम साय उनके मंत्रियों और अफसरों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम यात्रा के दौरान रास्ते भर “जब तक सूरज चांद रहेगा, आकाश तेरा नाम रहेगा” के नारों” की गूंज रही। अंतिम यात्रा में कलेक्टर के साथ कई अफसर और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।