स्वतंत्र बोल
अमृतसर 3 अक्टूबर 2026 : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधुसूदन उर्फ मैड संधू की अमृतसर के लोहारका रोड इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना कैंटोनमेंट क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने शाम करीब 6 बजे वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। संधू को पिछले कुछ दिनों से जान से मारने की धमकियां मिलने की बात सामने आई है।
घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से संधू को निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाइक पर आए हमलावर, मौका मिलते ही चलाई गोलियां
ADCP वेनिला के मुताबिक, घटना शाम करीब 6 बजे लोहारका रोड पर हुई। मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने संधू पर अचानक गोलियां चलाईं। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संधू शाम करीब 6 बजे अपने आवास ड्रीम सिटी के बाहर सड़क पर किसी काम से गए थे। बताया गया कि बाइक सवार हमलावर पहले से वहां घात लगाए बैठे थे। मौका मिलते ही उन्होंने संधू पर गोलियां चला दीं।
शहर में नाकाबंदी, आरोपियों की तलाश जारी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी। हालांकि, आरोपियों का तत्काल कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। ADCP के अनुसार, हमलावरों के संबंध में कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस इन्हीं सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
पहले से मिल रही थी जान से मारने की धमकी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मैड संधू को पिछले कुछ दिनों से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। आरोप है कि कुछ गरम ख्याली सोशल मीडिया हैंडल्स की ओर से उन्हें धमकियां दी जा रही थीं।
संधू के कपड़ों और ‘लचर’ को लेकर भी उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलने की बात सामने आई है।
मां और भाई के साथ रहते थे संधू
मैड संधू ड्रीम सिटी कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। उनके साथ उनकी वृद्ध मां और एक भाई रहते थे।
संधू सैलून चलाने के साथ सोशल मीडिया हैंडल भी ऑपरेट करते थे। वह कुछ पंजाबी फिल्मों में अभिनय भी कर चुके थे।


