सरगुजा में दिल दहला देने वाला हादसा, पुरानी मोबाइल बैटरी के ब्लास्ट से मासूम गंभीर रूप से झुलसा, इलाज के दौरान मौत

स्वतंत्र बोल
सरगुजा 02 जून 2026:  छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रहा एक साल का मासूम उस वक्त हादसे का शिकार हो गया, जब अचानक एक पुरानी मोबाइल बैटरी जोरदार धमाके के साथ फट गई। विस्फोट इतना तेज था कि बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया और जिंदगी की जंग हार बैठा।

ad

यह हृदयविदारक घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय बेटा आदित्य सिंह 31 मई की शाम अपने भाई-बहनों और गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों को कहीं से एक पुरानी और खराब मोबाइल बैटरी मिल गई, जिससे वे खेल रहे थे।

youtube

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 5 बजे अचानक बैटरी में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके की चपेट में सबसे ज्यादा आदित्य आ गया। विस्फोट से उसका चेहरा, सीना, पेट और हाथ बुरी तरह झुलस गए। अचानक हुए धमाके और मासूम की चीखों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद परिजन तत्काल बच्चे को प्रेमनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान 1 जून की सुबह करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई।

मासूम की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि पुरानी, खराब या अनुपयोगी मोबाइल बैटरियां बच्चों की पहुंच से दूर रखना कितना जरूरी है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही कभी-कभी अपूरणीय नुकसान में बदल सकती है।