खौफ का साया, 5 दिन में 5 बच्चों की मौत—7 जिलों में अलर्ट, बीमारी का कारण अब भी रहस्य

स्वतंत्र बोल
सलूंबर, 08 अप्रैल 2026
: राजस्थान के सलूंबर जिले से एक ऐसी डरावनी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। एक रहस्यमयी बीमारी महज 24 घंटे के भीतर मासूम बच्चों की जान ले रही है। पिछले 5 दिनों में 5 बच्चों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक ही परिवार के दो सगे भाई-बहन भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि 2 से 4 साल की उम्र के इन बच्चों में पहले बुखार और उल्टी जैसे सामान्य लक्षण दिखाई दिए, लेकिन देखते ही देखते उनकी हालत बिगड़ गई और 24 घंटे के भीतर ही मौत हो गई। यह खौफनाक मामले लसाड़िया उपखंड के लालपुरा और घाटा गांव से सामने आए हैं।

मृत बच्चों में लालपुरा गांव के दीपक (4), उसके भाई लक्ष्मण (3) और सीमा (4) के साथ-साथ घाटा गांव के राहुल (4) और काजल (2) शामिल हैं। वहीं, 8 अन्य बच्चों का इलाज सलूंबर और उदयपुर के अस्पतालों में जारी है, जिनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। गांव-गांव सर्वेक्षण शुरू कर दिया गया है और 560 से अधिक घरों की जांच की जा चुकी है। जिन लोगों में भी लक्षण दिखाई दे रहे हैं, उन्हें तुरंत इलाज मुहैया कराया जा रहा है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि बच्चों में हल्के लक्षण दिखने पर भी लापरवाही न बरतें और तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें।

बीमारी की असली वजह अब तक सामने नहीं आई है। नमूनों को जांच के लिए उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस बीच एहतियात के तौर पर पशुपालन विभाग ने गांवों में कीटाणुनाशक का छिड़काव भी शुरू कर दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने विशेषज्ञों की टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पूरे उदयपुर संभाग के सातों जिलों में इस रहस्यमयी बीमारी को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है और व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब तक 52 हजार से ज्यादा घरों का सर्वे किया जा चुका है और 275 लोगों में इस बीमारी जैसे लक्षण पाए गए हैं। इनमें से 25 मरीजों को गंभीर हालत में बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।

इस रहस्यमयी बीमारी ने जहां मासूमों की जिंदगियां छीन ली हैं, वहीं पूरे इलाके में डर और अनिश्चितता का माहौल बना दिया है। सबसे बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है—आखिर यह बीमारी क्या है, और अगला शिकार कौन होगा?