स्वतंत्र बोल
सरगुजा 29 नवंबर 2026: सरगुजा के खिलाड़ियों को अब बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिलने का रास्ता खुलने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की खेल अकादमियां स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरगुजा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही प्रशिक्षण और बेहतर मंच देने की है। रविवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
सरगुजा ओलंपिक में 4.16 लाख से ज्यादा पंजीयन
मुख्यमंत्री ने सरगुजा ओलंपिक को ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि पिछले आयोजन में करीब साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। इस बार यह संख्या बढ़कर 4 लाख 16 हजार से अधिक हो गई है। मुख्यमंत्री ने आयोजन में बालिकाओं की बड़ी भागीदारी को भी खास बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी क्षमता को आगे बढ़ाने की जरूरत है।


