स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 28 नवंबर 2026:थिरुपरनकुंद्रम स्थित विवादित पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर पूर्व न्यायाधीशों की निगरानी और अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा में आज पारंपरिक दीप जलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की सुप्रीम कोर्ट पीठ ने स्पष्ट किया कि दीप जलाने का कार्यक्रम दीपथून पर ही होगा, सभी श्रद्धालुओं को इसमें शामिल होने की अनुमति रहेगी और पूर्व के आदेश की अनदेखी करने वाले शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
दरगाह से 50 मीटर दूरी और सीआरपीएफ सुरक्षा के निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के न्यासी बोर्ड को निलंबित करते हुए मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीशों एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन को प्रशासन का रिसीवर नियुक्त किया है। पीठ ने दीप को सिकंदर बदुशा दरगाह से कम से कम 50 मीटर दूर रखने तथा सीआरपीएफ को मंदिर और दरगाह दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि नमाज के लिए आने वाले लोगों को कोई असुविधा न हो।
मुख्य सचिव, डीजीपी और कलेक्टर को अवमानना नोटिस
अदालत ने 20 नवंबर को एक बार दीप जलाने की सशर्त अनुमति दी थी, लेकिन 24 नवंबर को दीपथून के बजाय उचि पिल्लैयार मंदिर के पास दीप जलाया गया, जिसे जानबूझकर की गई अवहेलना मानते हुए पीठ ने मुख्य सचिव एम. साई कुमार, डीजीपी महेश अग्रवाल, मदुरै के जिलाधिकारी निशांत कृष्णा, बंदोबस्ती विभाग के अधिकारियों और मंदिर ट्रस्टियों को अवमानना नोटिस जारी किया है। सभी को 10 दिनों में जवाब देने और 15 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा गया है, जबकि मुख्य सचिव से फोन कॉल, ईमेल और संदेशों के विवरण सहित विस्तृत हलफनामा मांगा गया है।
प्रशासनिक अव्यवस्था पर कोर्ट की नाराजगी और विवाद की पृष्ठभूमि
पीठ ने मदुरै की प्रशासनिक अव्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए कहा कि राजनीतिक दबाव में आदेश का पालन न करने जैसी स्थिति संवैधानिक संकट पैदा कर सकती है। श्रद्धालुओं द्वारा उचि पिल्लैयार मंडपम के बजाय दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने की मांग को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था, जिस पर 6 जनवरी 2026 को मद्रास हाईकोर्ट की खंडपीठ ने दीपथून पर दीप जलाने के निर्देश को बरकरार रखा था और इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन का एलान
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने फैसले का स्वागत करते हुए घोषणा की कि वे शनिवार को स्वयं थिरुपरनकुंद्रम पहुंचकर दीपथून पर दीप जलाएंगे। इससे पहले भाजपा नेता केपी रामलिंगम और विनोज एक दिन के बजाय हर शुक्रवार को यह परंपरा निभाने की मांग उठा चुके हैं, वहीं नागेंद्रन और प्रदेश सचिव विनोज पी. सेल्वम ने चेन्नई के तेनमपेट स्थित बालासुब्रमणियार मंदिर में आयोजित ‘अरम काक्कुम आलय दीपम’ कार्यक्रम में भी श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की।


