नंबर वही, लेकिन मेरिट नई, UPPCS की पूरी चयन प्रक्रिया फिर बदलेगी, जानें क्या है पूरा मामला

447539 prayagraj allahabad high court copy 1200x675 (1)

स्वतंत्र बोल
लखनऊ 27 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की PCS 2025 भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव हुआ है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रीलिम्स का रिजल्ट रद्द कर आयोग को आरक्षण और मेरिट के आधार पर नई चयन सूची तैयार करने का निर्देश दिया है। संशोधित रिजल्ट के आधार पर मेन्स और इंटरव्यू भी दोबारा आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, प्रीलिम्स की परीक्षा फिर से नहीं होगी। पहले हो चुकी परीक्षा के अंकों के आधार पर ही नया परिणाम जारी किया जाएगा। यह भर्ती 814 पदों के लिए निकाली गई थी। इसमें 6,26,387 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। प्रीलिम्स में 11,727 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इसके बाद मेन्स और इंटरव्यू की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी।

ad

आरक्षण और ओपन कैटेगरी की मेरिट पर विवाद

हाईकोर्ट का यह आदेश आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की याचिका पर आया है। याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि अधिक नंबर होने के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी की मेरिट में जगह नहीं दी गई।उनकी दलील थी कि ओपन कैटेगरी किसी एक वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है। इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को उनके अंकों और मेरिट के आधार पर मौका मिलना चाहिए। जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने इस मामले में आदेश दिया है। कोर्ट ने आयोग से कहा है कि आरक्षित वर्ग के जिन अभ्यर्थियों के अंक ओपन कैटेगरी की मेरिट में चयन के लिए जरूरी अंकों से अधिक हैं, उन्हें उसी के अनुसार जगह दी जाए। इसके बाद प्रीलिम्स की नई मेरिट लिस्ट तैयार की जाए। कोर्ट ने आयोग से श्रेणीवार चयनित अभ्यर्थियों के अंकों का ब्योरा भी मांगा है।

youtube

6.26 लाख अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन

UPPSC ने PCS 2025 के 814 पदों पर भर्ती के लिए फरवरी से अप्रैल 2025 तक आवेदन मांगे थे। इस भर्ती में कुल 6,26,387 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। आयोग ने अक्टूबर 2025 में प्रीलिम्स परीक्षा आयोजित की थी। इसमें 2,65,270 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसके बाद 1 दिसंबर को जारी परिणाम में 11,727 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था।

मेन्स में शामिल हुए थे 10,284 अभ्यर्थी

प्रीलिम्स में सफल अभ्यर्थियों के लिए 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक मेन्स परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें 11,727 सफल अभ्यर्थियों में से 10,284 शामिल हुए थे। मेन्स के बाद आयोग ने 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया था। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद संशोधित प्रीलिम्स मेरिट के आधार पर मेन्स और इंटरव्यू की प्रक्रिया दोबारा करानी होगी।

प्रीलिम्स की परीक्षा दोबारा नहीं होगी

इस आदेश के बाद अभ्यर्थियों के मन में यह सवाल है कि क्या उन्हें प्रीलिम्स की परीक्षा भी फिर से देनी होगी? अभ्यर्थियों के अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला के मुताबिक, प्रीलिम्स का पेपर दोबारा नहीं होगा। आयोग पहले हो चुकी परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर संशोधित परिणाम जारी करेगा। इसके बाद नई मेरिट के अनुसार मेन्स और इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। यानी भर्ती की आगे की प्रक्रिया संशोधित प्रीलिम्स परिणाम के आधार पर नए सिरे से चलेगी।