पिता के सामने थी खर्च की चुनौती, हर महीने 40 हजार की थेरेपी, जनदर्शन में सीएम ने बढ़ाया मदद का हाथ

1795696725 9dd64135e998706896ce

स्वतंत्र बोल
रायपुर 26 नवंबर 2026:
रायपुर में गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे तीन जरूरतमंदों को कुल 55 हजार रुपए की सहायता दी। इसमें सात साल के मोहम्मद आवान की थेरेपी के लिए 40 हजार रुपए शामिल हैं। आवान ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है। उसकी नियमित थेरेपी पर हर महीने करीब 40 हजार रुपए खर्च होते हैं। मुख्यमंत्री ने आवान के पिता को सहायता राशि का चेक सौंपा। जनदर्शन में रायपुर से पहुंचे मोहम्मद आरिफ ने बताया कि दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उनके पास रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार चलाने के साथ बेटे की नियमित थेरेपी का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। उनकी परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने तत्काल 40 हजार रुपए की सहायता स्वीकृत की और चेक प्रदान किया।

ad

बेटे की थेरेपी पर हर महीने 40 हजार का खर्च

मोहम्मद आरिफ ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका सात वर्षीय बेटा मोहम्मद आवान ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है। उसकी नियमित थेरेपी पर हर महीने करीब 40 हजार रुपए खर्च होते हैं। दुर्घटना में चोट लगने के बाद आरिफ के पास फिलहाल रोजगार का कोई साधन नहीं है। इस वजह से बच्चे की थेरेपी जारी रखना उनके लिए मुश्किल हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी बात सुनकर आवान की थेरेपी के लिए 40 हजार रुपए का चेक दिया। उन्होंने बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

youtube

ज्ञानेश को 10 हजार और नरसिंह के इलाज के लिए 5 हजार मिले

जनदर्शन में पाटन से पहुंचे ज्ञानेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण इलाज कराने में असमर्थ हैं। उन्होंने उपचार के लिए आर्थिक मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने उन्हें 10 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक दिया। वहीं, रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के इलाज के लिए भी आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने उनकी बेटी ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपए का चेक सौंपा। जनदर्शन में मुख्यमंत्री ने तीनों जरूरतमंदों की समस्याएं सुनीं और उपचार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।