ॐ शांति लिखकर सीएम विष्णुदेव साय ने दी श्रद्धांजलि, बेटी के लौटने के बाद कनक तिवारी का होगा अंतिम संस्कार

Chhattisgarh CM Vishnu Deo Sai File Photo

स्वतंत्र बोल
रायपुर 26 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, संविधान विशेषज्ञ और गांधीवादी विचारक कनक तिवारी का निधन हो गया है। उन्होंने बीती रात अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके निधन पर शोक जताया है। कनक तिवारी का पार्थिव शरीर भिलाई के बीएम शाह अस्पताल में रखा गया है। विदेश में रह रही उनकी बेटी के लौटने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल अंतिम संस्कार का समय और स्थान तय नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि कनक तिवारी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना भी की।

ad

पांचवीं बार ICU में भर्ती होने की जानकारी दी थी

कनक तिवारी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। उन्होंने 5 सितंबर को सोशल मीडिया के जरिए पांचवीं बार ICU में भर्ती होने की जानकारी साझा की थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 19 सितंबर को उन्होंने पद्मनाभपुर में गणेश उत्सव के अवसर पर हुए अपने सार्वजनिक अभिनंदन का जिक्र किया था। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले कनक तिवारी के स्वास्थ्य को लेकर उनके प्रशंसक और शुभचिंतक चिंतित थे। उनके निधन की खबर से प्रदेश के साहित्यिक, विधिक और बौद्धिक जगत में शोक है।

youtube

कानून और साहित्य जगत में थी पहचान

कनक तिवारी देश के जाने-माने गांधीवादी विचारक, संविधान विशेषज्ञ और लेखक थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी। कानून के साथ साहित्य और वैचारिक चिंतन के क्षेत्र में भी उनकी अलग पहचान थी। संविधान, लोकतंत्र और गांधीवादी विचारधारा से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी रुचि थी। उनकी लेखनी और वैचारिक योगदान के लिए उन्हें लंबे समय तक याद किया जाएगा।