CGPSC में अध्यक्ष नहीं, पदोन्नति के मामले लंबित; कर्मचारी संगठनों ने उठाई मांग ⁩

Images (2)

स्वतंत्र बोल
रायपुर 25 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को जल्द नया अध्यक्ष मिल सकता है। राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त IAS अधिकारी महादेव कांवड़े के नाम पर सहमति जताई है। नियुक्ति से जुड़ी फाइल अनुमोदन के लिए राजभवन भेजी गई है, लेकिन करीब पखवाड़े से वहां लंबित बताई जा रही है। राजभवन से मंजूरी मिलने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग नियुक्ति आदेश जारी कर सकेगा। फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।

ad

दो नामों में कांवड़े को प्राथमिकता

CGPSC अध्यक्ष पद के लिए सरकार के पास दो नाम विचाराधीन थे। इनमें सेवानिवृत्त IAS अधिकारी महादेव कांवड़े और सरगुजा संभाग के आयुक्त नरेंद्र दुग्गे शामिल थे। विचार-विमर्श के बाद सरकार ने कांवड़े के नाम को प्राथमिकता देते हुए नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। कांवड़े की उम्र अभी करीब 60 साल छह महीने है। आयोग के अध्यक्ष पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष है। ऐसे में उनकी नियुक्ति होती है तो वे मई 2028 तक अध्यक्ष रह सकते हैं। उनका संभावित कार्यकाल करीब डेढ़ साल का होगा।

youtube

अध्यक्ष नहीं होने से पदोन्नति के मामले लंबित

CGPSC में अध्यक्ष का पद रिक्त होने से अधिकारियों और कर्मचारियों के पदोन्नति से जुड़े मामलों पर भी असर पड़ने की चिंता जताई जा रही है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के अध्यक्ष कमल वर्मा ने पहले मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जल्द नियुक्ति की मांग की थी। अब उन्होंने राज्यपाल को पत्र भेजकर प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है। कमल वर्मा ने पत्र में कहा है कि लोक सेवा आयोग भर्ती, चयन और पदोन्नति से जुड़ी प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अध्यक्ष का पद लंबे समय से खाली रहने से आयोग के सुचारु संचालन में बाधा आ रही है और कई मामले लंबित हैं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के मामलों का समय पर निराकरण नहीं होने से पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवागत हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्हें आर्थिक और सेवा संबंधी लाभ मिलने में भी देरी हो रही है। विभिन्न विभागों में उच्च पद खाली रहने से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। राजपत्रित अधिकारी संघ ने भी राज्यपाल से आयोग के अध्यक्ष पद को प्राथमिकता के आधार पर भरने की मांग की है। संघ ने लंबित पदोन्नति मामलों और दूसरी महत्वपूर्ण फाइलों का समयबद्ध निराकरण करने का आग्रह किया है।

कौन हैं महादेव कांवड़े?

महादेव कांवड़े छत्तीसगढ़ कैडर के 2008 बैच के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी हैं। उनका जन्म 18 मई 1966 को हुआ था। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई और डिजाइन इंजीनियरिंग में एमटेक किया है। प्रशासनिक सेवाकाल में वे बेमेतरा और जशपुर के कलेक्टर रह चुके हैं। उन्होंने दुर्ग और रायपुर संभाग के संभागायुक्त की जिम्मेदारी भी संभाली है। इसके अलावा वे आवास एवं पर्यावरण विभाग और वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग में विशेष सचिव (स्वतंत्र प्रभार) के पद पर भी काम कर चुके हैं। फिलहाल CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए राजभवन के अनुमोदन का इंतजार है। मंजूरी मिलने और नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद ही महादेव कांवड़े के अध्यक्ष बनने की आधिकारिक पुष्टि होगी।