हसीना की वापसी पर बांग्लादेश का सख्त रुख, आखिर सरकारने क्यों कहा हथकड़ी लगाकर लाएंगे

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 24 नवंबर 2026:
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को भारत से अपने देश लौटना चाहती हैं, लेकिन उनकी वापसी आसान नहीं है। बांग्लादेश सरकार ने साफ कर दिया है कि उन्हें सामान्य यात्री की तरह देश में आने की अनुमति नहीं मिलेगी। विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि हसीना को वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अपनानी होगी। उन्होंने यहां तक कहा कि हसीना को हथकड़ी लगाकर ही वापस लाया जा सकता है। हुमायूं कबीर ने मंगलवार को विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बयान दिया। इससे पहले उन्होंने ढाका में मौजूद विदेशी राजनयिकों को बांग्लादेश के हालात की जानकारी दी थी। कबीर ने कहा कि हसीना की लौटने की इच्छा और देश के मौजूदा हालात में काफी अंतर है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति अपनी इच्छा से लौटने का सपना देख सकता है, लेकिन हकीकत अलग है। हसीना कोई सामान्य विमान यात्री नहीं हैं।

ad

विजय दिवस पर बांग्लादेश लौटना चाहती हैं हसीना

शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। यह तारीख बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाई जाती है। 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद बांग्लादेश स्वतंत्र देश बना था। हसीना के प्रवक्ता ने कहा कि 5 अगस्त 2024 को उन्हें बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था। अब बांग्लादेश सरकार की जिम्मेदारी है कि वह दिल्ली से ढाका लौटने के लिए विमान की व्यवस्था करे। हसीना ने बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से यात्रा कराने की मांग की है।

youtube

हसीना को वापस लाकर जेल में रखना चाहती है सरकार

शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़कर भारत आ गई थीं। उन्होंने करीब 16 साल तक बांग्लादेश की सत्ता संभाली थी। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई हिंसा के मामले में उन्हें दोषी ठहराया था। उनकी गैरमौजूदगी में अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, छात्र आंदोलन के दौरान करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। बांग्लादेश सरकार पहले ही भारत से हसीना को वापस भेजने की मांग कर चुकी है। सरकार का कहना है कि उन्हें वापस लाकर जेल में रखा जाएगा।

भारत के फैसले पर भी टिकी नजर

हुमायूं कबीर ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंसा और हमलों के पीछे हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थक हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हसीना दिल्ली में रहकर पार्टी की गतिविधियों का समर्थन कर रही हैं। भारत ने बांग्लादेश की प्रत्यर्पण मांग पर विचार करने की बात कही है। हालांकि, हसीना को वापस भेजने को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। ऐसे में 16 दिसंबर को उनकी वापसी की इच्छा और बांग्लादेश सरकार की सख्त शर्त के बीच मामला अभी स्पष्ट नहीं है।