स्वतंत्र बोल
लखनऊ 21 नवंबर 2026: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद आज सहारनपुर में पहली बार आमने-सामने मिलेंगे। AIMIM प्रमुख ओवैसी छुटमलपुर में चंद्रशेखर आजाद के आवास पर लंच करेंगे। इस दौरान दोनों नेता चुनावी रणनीति और गठबंधन की आगे की दिशा पर चर्चा करेंगे। यह मुलाकात दोनों नेताओं के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के ऐलान के बाद हो रही है। 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया था।
मस्जिद प्रकरण पर DM से भी मिलेंगे दोनों नेता
लंच के बाद ओवैसी छुटमलपुर स्थित बड़े मदरसे में नमाज अदा करेंगे। इसके बाद दोनों नेता सहारनपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर मस्जिद प्रकरण को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे और प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखेंगे। आसपा और भीम आर्मी के कार्यकर्ता ज्योति किरण तिराहे पर ओवैसी का स्वागत करेंगे।
दलित-मुस्लिम समीकरण मजबूत करने की तैयारी
सहारनपुर में यह मुलाकात पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम राजनीतिक समीकरण को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। दोनों नेता सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की ताकत दिखाने की तैयारी में हैं। ओवैसी ने गठबंधन की घोषणा के दौरान कहा था कि यह यूपी में बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था।
26 नवंबर को BSP का बहुजन महासम्मेलन
इस मुलाकात का महत्व 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में प्रस्तावित बहुजन समाज महासम्मेलन से पहले भी बढ़ गया है। पश्चिमी यूपी में दलित और मुस्लिम मतदाताओं को साथ लाने की कोशिश को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सपा और कांग्रेस के लिए भी यह गठबंधन राजनीतिक चुनौती बन सकता है। 2024 लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने दलित और मुस्लिम मतदाताओं को अपने साथ जोड़कर सफलता हासिल की थी। अब ओवैसी और चंद्रशेखर का गठबंधन इसी समीकरण में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहा है।


