स्पाइसजेट की फ्लाइट्स पर संकट क्यों गहराया, मुंबई से दुबई तक क्या हुआ?

Untitled

स्वतंत्र बोल
मुंबई 18 नवंबर 2026:
आर्थिक संकट से जूझ रही स्पाइसजेट की उड़ानों का संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है। मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम 7 बजे से एयरलाइन की कोई भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकी। इसके चलते सैकड़ों यात्री टर्मिनल-1 पर फंसे रहे। कई घंटे इंतजार के बाद भी यात्रियों को उड़ानों के रवाना होने का स्पष्ट समय नहीं बताया गया। इससे नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के काउंटर पर हंगामा किया और नारेबाजी की। यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन की ओर से उड़ानों में देरी और नए प्रस्थान समय की सही जानकारी नहीं दी गई। एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो में स्पाइसजेट के काउंटर पर यात्रियों की भीड़ दिखाई दी। रात 11:30 बजे रवाना होने वाली एक फ्लाइट की बोर्डिंग भी शुरू नहीं हुई थी। यात्री इस बात को लेकर परेशान रहे कि उनका सफर कब शुरू होगा।

ad

सोमवार को भी यात्रियों को करना पड़ा लंबा इंतजार

मुंबई में सोमवार को भी स्पाइसजेट के यात्रियों को इसी तरह की परेशानी हुई थी। यात्रियों के मुताबिक, वे शाम करीब 7 बजे एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन उनकी फ्लाइट लंबे समय तक रवाना नहीं हुई। कुछ यात्रियों को करीब 9 घंटे इंतजार करना पड़ा। उनकी उड़ान तड़के करीब 4 बजे रवाना हो सकी। यात्रियों का कहना है कि अचानक हुई देरी और एयरलाइन की ओर से समय पर जानकारी नहीं मिलने से बुजुर्गों और बच्चों को भी परेशानी हुई। कुछ यात्रियों को टिकट का पैसा 7 दिनों के भीतर लौटाने की बात बताई गई थी। हालांकि, यात्रियों की शिकायत रही कि उन्हें उड़ान में देरी और आगे की व्यवस्था के बारे में समय पर जानकारी नहीं मिली।

youtube

दुबई से चार उड़ानें रद्द, बकाया भुगतान बना वजह

स्पाइसजेट की परेशानी मुंबई तक सीमित नहीं है। इससे पहले रविवार को एयरलाइन ने दुबई से अपनी चार उड़ानें रद्द कर दी थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग का काम देखने वाली कंपनी डनाटा (dnata) ने बकाया भुगतान नहीं मिलने के कारण स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोक दी थी। रिपोर्ट में दावा किया गया कि स्पाइसजेट पर डनाटा का 1.4 करोड़ यूएई दिरहम से ज्यादा बकाया था। चेक-इन सर्विस रुकने के कारण एयरलाइन की दुबई से संचालित होने वाली चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

स्पाइसजेट के उड़ान संचालन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने शुक्रवार को संभावित देरी और उड़ानों में रुकावट को लेकर यात्रियों को आगाह किया था। इसके बाद शनिवार को मुंबई एयरपोर्ट ने भी इसी तरह की सलाह जारी की। लगातार उड़ानों में देरी और यात्रियों की शिकायतों के बावजूद स्पाइसजेट ने मुंबई में संचालन प्रभावित होने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।