स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 नवंबर 2026: बिलासपुर के ग्राम सेंदरी में करीब 75 करोड़ रुपए की लागत से कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) संयंत्र विकसित किया जा रहा है। इस प्लांट में रोजाना 130 टन नगरीय ठोस कचरे का प्रसंस्करण कर करीब 5 टन बायोगैस और 16 टन ठोस जैविक खाद बनाने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 16 नवंबर को अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान परियोजना का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की जानकारी ली। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) इस संयंत्र को गोवर्धन योजना के तहत विकसित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कचरा प्रसंस्करण की प्रस्तावित व्यवस्था और गैस व जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।
130 टन कचरे से बनेगी गैस और खाद
करीब 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही इस परियोजना में शहर के ठोस कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा। इससे रोजाना करीब 5 टन कंप्रेस्ड बायोगैस और 16 टन ठोस जैविक खाद तैयार करने की योजना है। परियोजना से बनने वाले सॉलिड फ्रैक्शन ऑफ ऑर्गेनिक मैन्योर (SFOM) का उपयोग जैविक खाद के रूप में किया जा सकेगा। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और खेती में जैविक संसाधनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यह परियोजना बिलासपुर नगर निगम और छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल डेवलपमेंट अथॉरिटी के सहयोग से विकसित की जा रही है। इससे शहर में कचरे के निस्तारण का दबाव कम करने के साथ ही उससे उपयोगी उत्पाद तैयार करने की योजना है।
निर्माण कार्य में रोज 150 श्रमिकों को रोजगार
अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना स्थल पर प्रमुख सिविल कार्य और आधारभूत संरचनाओं का निर्माण जारी है। निर्माण के दौरान रोजाना करीब 150 श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कचरे से स्वच्छ ऊर्जा तैयार करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना जरूरी है। ऐसी परियोजनाओं से शहरों की सफाई के साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकता है। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को जैविक खाद भी मिल सकेगी।
निरीक्षण के दौरान ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला और धरमलाल कौशिक मौजूद रहे। इनके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित थे।


