स्वतंत्र बोल
रायपुर 15 नवंबर 2026: रायपुर में रेलवे के DRM कार्यालय का कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति ने ऑनलाइन ठगी की। आरोपी ने पेंशन भुगतान आदेश (PPO) नंबर अपडेट कराने का झांसा देकर मोबाइल में फर्जी ऐप इंस्टॉल करवाए। इसके बाद बैंक खाते से 7 लाख 49 हजार 784 रुपये निकाल लिए। मामले में दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने 14 नवंबर 2026 को अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, रायपुरा की विकास विहार कॉलोनी निवासी श्रद्धा राजू जोल्दे और राजू दामोदर जोल्दे के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। उसने खुद को रेलवे के DRM कार्यालय का कर्मचारी बताया। आरोपी ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के एक साल बाद उनका PPO नंबर रिवाइज कराना जरूरी है। इसी प्रक्रिया का हवाला देकर उसने मोबाइल में दो ऐप इंस्टॉल करवाए।
फर्जी ऐप इंस्टॉल कराकर निकाले रुपये
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने मोबाइल में ‘हार्म रेलवे ऐप’ और बैंक ऑफ बड़ौदा का ‘BOB World’ ऐप इंस्टॉल करवाया। इसके बाद ऑनलाइन माध्यम से बैंक खाते से कुल 7,49,784 रुपये निकाल लिए गए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 719/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 में मामला दर्ज किया है।
अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ केस
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी की पहचान फिलहाल अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


