आज से महंगा हुआ सांची दूध: जानिए फुल क्रीम से लेकर टोन्ड तक सभी पैकेट की नई रेट लिस्ट

Untitled

स्वतंत्र बोल
भोपाल 14 नवंबर 2026:
मध्यप्रदेश में दूध खरीदने वालों की जेब पर महंगाई की दोहरी मार पड़ी है। अमूल के दाम बढ़ने के दो दिन बाद अब सांची ने भी दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं। शनिवार, 14 नवंबर से सांची के अलग-अलग पैकेट 1 से 4 रुपए तक महंगे मिलेंगे। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी फुल क्रीम और स्टैंडर्ड दूध में हुई है। फुल क्रीम दूध का एक लीटर पैकेट अब 70 की जगह 74 रुपए में मिलेगा, जबकि स्टैंडर्ड दूध की कीमत 63 से बढ़कर 67 रुपए हो गई है। नई दरें भोपाल के साथ इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड के दुग्ध संघों के बाजारों में लागू होंगी। हालांकि, 500 मिलीलीटर से छोटे पैकेट खरीदने वालों को फिलहाल राहत दी गई है और इनकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

ad

जानिए किस पैकेट के कितने बढ़े दाम

सांची ने एक लीटर के साथ आधा लीटर दूध के पैकेट भी महंगे कर दिए हैं। नई दरों के अनुसार कीमतें इस प्रकार हैं:

youtube
  • फुल क्रीम दूध: 500 मिलीलीटर पैकेट 35 से बढ़कर 37 रुपए और एक लीटर पैकेट 70 से बढ़कर 74 रुपए का हो गया है।

  • स्टैंडर्ड दूध: आधा लीटर पैकेट 32 से बढ़कर 34 रुपए और एक लीटर पैकेट 63 से बढ़कर 67 रुपए में मिलेगा।

  • टोन्ड दूध: आधा लीटर पैकेट 29 की जगह 30 रुपए और एक लीटर पैकेट 58 की जगह 59 रुपए में मिलेगा।

  • डबल टोन्ड दूध: आधा लीटर पैकेट एक रुपए महंगा होकर 27 से 28 रुपए का हो गया है।

  • स्किम्ड दूध: आधा लीटर पैकेट 24 से बढ़कर 25 रुपए और एक लीटर पैकेट 47 से बढ़कर 49 रुपए का हो गया है।

  • अन्य श्रेणियां: गाय के एक लीटर दूध की कीमत 64 रुपए तय की गई है। चाह/अमृत दूध का एक लीटर पैकेट 62 की जगह 65 रुपए और टी स्पेशल दूध 56 से बढ़कर 58 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

आखिर क्यों बढ़ाने पड़े सांची दूध के दाम?

सांची दूध की कीमतें बढ़ाने के पीछे फेडरेशन ने लगातार बढ़ते खर्च को वजह बताया है। MPCDF के प्रबंध संचालक जयदेव बिस्वास के मुताबिक, दूध की खरीद, पैकिंग सामग्री और ट्रांसपोर्ट का खर्च पहले के मुकाबले बढ़ गया है। इसका असर दुग्ध संघों की वित्तीय स्थिति पर पड़ रहा है। फेडरेशन का कहना है कि नई दरों से दुग्ध संघों की वित्तीय स्थिति संतुलित रखने में मदद मिलेगी। मध्यप्रदेश के बाहर जिन बाजारों में सांची दूध की बिक्री होती है, वहां भी संबंधित पैकेटों की कीमतों में इसी अनुपात में बढ़ोतरी की जाएगी।

दो दिन पहले अमूल ने भी बढ़ाए थे दाम

सांची से पहले अमूल ने भी मध्यप्रदेश में 12 नवंबर से दूध के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए थे। इसके बाद अमूल गोल्ड का एक लीटर पैकेट 70 की जगह 74 रुपए और अमूल फ्रेश 57 से बढ़कर 59 रुपए प्रति लीटर हो गया है। अमूल के दाम बढ़ने के अगले ही दिन 13 नवंबर को सांची ने भी नई कीमतों का आदेश जारी कर दिया। अब सांची और अमूल, दोनों के एक लीटर फुल क्रीम दूध की कीमत 74 रुपए हो गई है।

क्या मदर डेयरी भी बढ़ाएगी कीमतें?

अमूल और सांची के दूध महंगे होने के बाद मदर डेयरी की कीमतों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। मदर डेयरी ने नई दिल्ली में दूध की कीमतें बढ़ाई हैं, लेकिन मध्यप्रदेश में फिलहाल नई दरों की घोषणा नहीं की गई है। प्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है, जिसमें अकेले भोपाल में इसकी खपत लगभग 25 हजार लीटर है। वहीं, भोपाल में रोजाना औसतन 3 लाख लीटर सांची दूध और करीब 80 हजार लीटर अमूल दूध की बिक्री होती है।

महीने के बजट पर कितना पड़ेगा असर?

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा। अगर कोई परिवार रोजाना एक लीटर सांची फुल क्रीम दूध खरीदता है, तो उसे अब हर दिन 4 रुपए ज्यादा देने होंगे, जिससे 30 दिन में खर्च 120 रुपए बढ़ जाएगा। वहीं, रोजाना दो लीटर फुल क्रीम दूध खरीदने वाले परिवार को महीने में 240 रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे।

फुल क्रीम, टोन्ड और डबल टोन्ड दूध में क्या अंतर है?

पैकेट पर लिखे इन नामों के बीच मुख्य अंतर फैट की मात्रा का होता है। फुल क्रीम दूध में कम से कम 6 प्रतिशत फैट होता है, इसलिए यह गाढ़ा होता है। टोन्ड दूध में करीब 3 प्रतिशत फैट होता है, जबकि डबल टोन्ड दूध में फैट की मात्रा लगभग 1.5 प्रतिशत रहती है।